रेलवे, रोड-वे, रोप-वे में राज्य को आगे ले जाएगी भाजपा : गोयल

Monday, Nov 06, 2017 - 12:40 AM (IST)

शिमला: केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर रेलवे, रोड-वे और रोप-वे निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। केंद्र सरकार इस थ्री-आर फार्मूले पर काम कर रही है। राज्य में रेलवे नैटवर्क पर इस साल 512 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। शिमला-कालका रेलमार्ग पर पुराने पुलों और सुरंगों का जीर्णोद्धार करने के साथ प्लेटफार्म पर वाईफाई सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। पीयूष गोयल यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सेब को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने में रेलवे अहम भूमिका निभाएगा। इसके लिए कोल्ड चेन स्टोर सुविधा को भी उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि साल भर हिमाचल प्रदेश के मीठे और स्वादिष्ट सेब का लाभ उठाया जा सके।

ऊना-अम्ब इंदौरा लाइन का विद्युतीकरण
उन्होंने कहा कि ऊना-अम्ब इंदौरा लाइन का विद्युतीकरण किया जा रहा है। वर्ष 2009-14 तक जहां राज्य में रेल नैटवर्क पर 108 करोड़ रुपए व्यय हो रहे थे, वहीं अब यह बजट 512 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। पीयूष गोयल ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का नेतृत्व आपसी मतभेद और भ्रष्टाचार में घिरा है। प्रदेश में विकास की गति मंद पड़ गई है और लोग राज्य सरकार की कार्यप्रणाली से नाराज हंै। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग, व्यापार एवं पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। केंद्र सरकार ने आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रहार किया है। 

सिर्फ 4.60 रुपए बढ़े रसोई गैस सिलैंडर के दाम
पीयूष गोयल ने कहा कि 5 फीसदी जी.एस.टी. के कारण सबसिडी वाले रसोई गैस सिलैंडर के दाम 4.60 रुपए बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में गैस के दाम में बढ़ौतरी के बावजूद सबसिडी को बढ़ाया गया है ताकि आम आदमी पर इसका असर न पड़े। हालांकि सामान्य सिलैंडर के दाम में जरूर 90 रुपए के आसपास बढ़ौतरी हुई है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलैंडर व महंगाई पर केंद्र सरकार को बेवजह बदनाम करने की कांग्रेस साजिश रच रही है जबकि सच्चाई यह है कि यू.पी.ए. सरकार की अपेक्षा एन.डी.ए. सरकार में महंगाई की दर में काफी कम हुई है।

टूरिस्ट सर्किट को बढ़ावा देंगे : सतपाल महाराज
उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा टूरिस्ट सर्किट विशेषकर धार्मिक पर्यटन और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर आगे बढ़ रही है, जिसमें माता के शक्तिपीठों, वैष्णव व शैव सॢकट को जोड़ा जा रहा है। इससे उत्तराखंड के साथ हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्यों में गर्मियों के अलावा सर्दियों में भी सैलानी आए, इसके लिए स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग और पर्वतारोहण को बढ़ावा दिया जा रहा है।