बजट सत्र की तैयारी: इस बार BJP इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी

Saturday, Feb 25, 2017 - 09:24 AM (IST)

हमीरपुर: कांग्रेस सरकार को अंतिम बजट सत्र में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरेंगे। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कही। वह यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में जो व्यक्ति जितने बड़े पद पर था, उसने उतना ही बड़ा भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपना 4 वर्षों का कार्यकाल विपक्षी नेताओं के ऊपर झूठे केस बनाने में ही गुजार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के अंतिम वर्ष भाजपा नेताओं पर बनाए झूठे केसों को निचली अदालत से लेकर उच्चतम अदालत तक खारिज किया जा रहा है। इसके लिए हम माननीय न्यायालय के धन्यवादी हैं।

अनुराग को सुप्रीम कोर्ट से राहत सच की जीत
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सांसद अनुराग ठाकुर को एच.पी.सी.ए. के मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने पर खुशी जाहिर की है और इसे सच की जीत बताया है। धूमल ने कहा कि महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में महाराष्ट्र की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि इस विजय को भाजपा पूरे देश में शनिवार को विजय पर्व के रूप में मना रही है। इससे पहले धूमल ने ऐतिहासिक मंदिर गसोता महादेव व शिव मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।