भाजपा 6 अप्रैल से हिमाचल में चलाएगी महासंपर्क अभियान

punjabkesari.in Sunday, Mar 27, 2022 - 11:57 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में भाजपा 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर महासंपर्क अभियान चलाएगी। इस कड़ी में पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में मंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसमें त्रिदेवों को पार्टी किट वितरित की जाएगी। 6 अप्रैल को पार्टी अपना स्थापना दिवस  पर प्रदेश के हर घर तक पहुंचने का प्रयास करेगी। इसके तहत इस किट को सभी पार्टी कार्यकत्र्ताओं तक पहुंचाया जाएगा।

त्रिदेवों के साथ ये किए जाएंगे आमंत्रित

स्थापना दिवस कार्यक्रम में त्रिदेवों, बूथ अध्यक्ष, बीएलओ व बूथ पालक को आमंत्रित किया जाएगा। इन्हें पार्टी किट वितरित की जाएगी। इस किट को इन्हें अपने बूथ में सभी पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों तक पहुंचानी होगी। इसके अलावा स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी प्रदेश में महासंपर्क अभियान चलाएगी। इस अभियान में पार्टी के हर घर तक पार्टी व सरकार की नीतियों को पहुंचाया जाएगा। लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं व उनसे लोगों को मिल रहे लाभ की जानकारी दी जाएगी।

घर पर लगेगा पार्टी का झंडा व पट्टिका

पार्टी द्वारा अपने सभी कार्यकर्ताओं को एक किट उपलब्ध करवाई जाएगी। किट में पार्टी का झंडा, पट्टिका, व पटका शामिल है। कार्यकर्ताओं को झंडा व पट्टिका अपने घर पर लगानी होगी।

एक माह तक चलेगा अभियान

भाजपा का महासंपर्क अभियान प्रदेश में एक माह तक चलेगा। इस दौरान जहां पुराने कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जाएगा, वहीं नए लोगों को भी पार्टी से जोड़ा जाएगा।

सभी विधानसभा क्षेत्रों में होंगे कार्यक्रम : नंदा

प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी करण नंदा ने कहा कि पार्टी अपने स्थापना दिवस पर सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसके बाद महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News