जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा लड़ेगी अगला चुनाव : रणधीर शर्मा

punjabkesari.in Friday, Jun 25, 2021 - 07:22 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के चेहरे पर ही चुनाव लड़ेगी। यह बात धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि जो सीएम होता है, वही चेहरा होता है, हमारा चेहरा सीएम जयराम ठाकुर हैं। आगामी विधानसभा चुनाव सीएम जयराम ठाकुर के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, लेकिन वर्ष 2022 में सीएम कौन होगा, यह फैसला हाईकमान का होगा।

हिमाचल में कांग्रेस कई गुटों में विभाजित

रणधीर शर्मा ने कांग्रेस पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल में कांग्रेस कई गुटों में विभाजित है। कांग्रेस पार्टी के नेता हर विषय पर अलग-अलग बयान देते हैं और हर नेता अलग-अलग सोच रखता है। विपक्ष के नेता न तो मन और न ही तन से इकट्ठा हैं। कई गुटों में विभाजित कांग्रेस, भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं है। भाजपा का संगठन निचले स्तर तक मजबूती से खड़ा है, ऐसे में भाजपा के लिए कांग्रेस कहीं कोई चुनौती नहीं है।

उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम अभी तय नहीं

आगामी उपचुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से अभी उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम तय नहीं हैं और न ही भाजपा वर्किंग ग्रुप की बैठक में ऐसा कोई एजैंडा रखा गया है। चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की तिथियां घोषित करने के उपरांत प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी, उसमें नामों पर विचार होगा और पैनल केंद्र को भेजा जाएगा। जिसका नाम केंद्र तय करेगा, वो पार्टी का प्रत्याशी होगा, जिसकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्य करेगी।

बैठक के उद्देश्य के बारे दी जानकारी

वर्किंग गु्रप की बैठक को लेकर जानकारी दी कि बैठक का उद्देश्य सरकार व संगठन के कामों की समीक्षा और नए प्लान बनाना है। इस बैठक में प्रदेश भर से मिले सुझावों पर चर्चा होगी और अगले डेढ़ साल का रूट चार्ट बनेगा। वहीं शिमला में हुई बैठकों के सुझावों पर डेढ़ साल का रोडमैप बनेगा। आगामी चुनाव की दृष्टि से हमारी यह बैठक बहुत जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News