नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा ने कसी कमर, प्रदेशाध्यक्ष कार्यकर्ताओं से हुए रूबरू

Thursday, Feb 04, 2021 - 10:50 AM (IST)

धर्मशाला (जिनेश) : जिला परिषद की सरदारी हासिल करने के बाद अब मार्च में होने वाले नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। इसी कडी में बुधवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप दिल्ली से सीधा धर्मशाला प्रवास पर आए। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बुधवार दोपहर बाद परिधि गृह में पार्टी कार्यकर्ताओं से बैठक की और आगामी नगर निगम चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर होंगे या नहीं यह सरकार तय करेगी। पार्टी कार्यकर्ता अभी से काम शुरू कर दें। जिस प्रकार पंचायतीराज चुनाव में हर कार्यकर्ता ने पार्टी के लिए कार्य किया है अब उसी निगम चुनाव के लिए भी कार्य करें।

उन्होंने कहा कि यदि नगर निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर होते हैं तो टिकट किसे मिलेगी इसके लिए बकायदा कमेटी का गठन किया जाएगा और कमेटी ही यह तय करेगी कि किसे टिकट दी जाए। वहीं 17 से 19 फरवरी तक धर्मशाला में आयोजित होने भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों में जुट जाने का भी आह्वान किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बैठक के लिए आने वाले बड़े नेताओं को कहां-कहां ठहराया जाना है यह भी सुनिश्चित किया जाए। धर्मशाला में बैठक में के बाद उन्होंने देर शाम पालमपुर में भी पार्टी कार्यकर्ताओं से बैठक की और आगामी रणनीति तैयार की। इस दौरान वूल फडरेशन के अध्यक्ष व धर्मशाला व पालमपुर नगर निगम चुनावों के प्रभारी त्रिलोक कपूर भी मौजूद रहे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप वीरवार, 4 फरवरी को शिल्ला चौक स्थित एक निजी होटल में भाजपा समर्थित नवनिर्वाचित जिला परिषद व बीडीसी सदस्यों से रूबरू होंगे और बैठक करेंगे। बैठक में आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
 

prashant sharma