नगर परिषद के उपचुनाव में कांग्रेस जिला अध्यक्ष के वार्ड में हारी कांग्रेस, लहराया भगवा

Sunday, Nov 17, 2019 - 09:04 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): सोलन नगर परिषद के वार्ड नंबर 4 के रविवार को हुए उपचुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीत दर्ज करने में कामयाबी हुई। उन्होंने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को 217 मतों से हराया। रविवार सुबह यहां पर मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। पूरे दिन धीरे-धीरे करीब 50 प्रतिशत मतदान हुआ।

अहम बात यह रही यह वार्ड कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शिव कुमार का अपना वार्ड है और यहां पर कांग्रेस ज्यादा करिश्मा नहीं दिखा पाई। वार्ड में कुल 1014 वोट डाले गए। इनमें से 611 वोट स्वाति को जबकि 394 वोट किरण को मिले, वहीं 9 वोट नोटा को डाले गए। कोई भी मत अस्वीकृत नहीं हुआ।

इस चुनावों को जीतने में भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप की रणनीति पूरी तरह से कामयाब रही। वह पिछले कई दिनों से वार्ड में ही डेरा डाले हुए थे और भाजपा समर्थित प्रत्याशी को जीत दर्ज करवाने के लिए डटे हुए थे।

Vijay