लोकसभा चुनाव में कौन हाेगा कैंडीडेट, हाईकमान करेगा फैसला : राजीव बिंदल

Tuesday, Jan 16, 2024 - 07:12 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि लोकसभा चुनावों में भाजपा के चेहरे कौन होंगे, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। ऊना में 3 दिवसीय राज्य स्तरीय संगठनात्मक सम्मेलन के आखिरी दिन मीडिया से बातचीत करते हुए बिंदल ने कहा कि उनके समक्ष इस समय मोदी सबसे बड़ा चेहरा हैं और लोगों की वही पहली पसंद हैं। भाजपा ने अपने चुनावी अभियान का शंखनाद कर दिया है। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने लोगों को बरगलाया था। झूठी गारंटियां दी थीं, जिनके भ्रमजाल में फंसकर विधानसभा के चुनाव नतीजे बदल गए थे। अब कांग्रेस सरकार की असलियत सभी के सामने है। व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर प्रदेश में ड्रग्ज माफिया और महिलाओं के प्रति अपराध बढ़े हैं। 13 महीने की सरकार के दौरान पिछले कई वर्षों के मुकाबले अधिक नशे के मामले सामने आए हैं। प्रदेश सरकार का यही एकमात्र व्यवस्था परिवर्तन है।

कांग्रेस के पास न नेता है, न नीति है और न चिंतन 
डाॅ. बिंदल ने कहा कि पार्टी गुण-दोष के आधार पर प्रदेश में नए लोगों को पार्टी की विचारधारा के साथ जोड़ेगी। बागियों को लेकर कोई भी चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का गांव चलो अभियान झूठ पर आधारित है। क्या इस अभियान में कांग्रेस के नेता, मंत्री, विधायक ये बताएंगे कि महिलाओं के खाते में कितने रुपए आए, कितना गोबर खरीदा गया, कितना दूध बिका और कितने युवाओं को रोजगार दिया गया। उन्होंने कहा कि यह सरकार झूठ की बुनियाद पर बनी है और इसी ही बुनियाद पर सत्ता से बाहर हो जाएगी। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस के पास न नेता है, न नीति है और न चिंतन है। कांग्रेस केवल एक परिवार के पीछे लगी है और उसी के इर्द-गिर्द राजनीति घूम रही है। केवल गांधी परिवार तक ही कांग्रेस सीमित है। राष्ट्र, प्रदेश, गांव व गरीब की कोई चिंता नहीं है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay