Sirmaur: भाजपा नेता राजीव बिंदल ने साधा निशाना, बोले-घोषणाओं तक सिमटी सरकार, धरातल पर विकास शून्य
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 07:27 PM (IST)
नाहन (आशु): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार अब अपना चौथा बजट पेश करने जा रही है, जो इनके कार्यकाल का अंतिम वर्ष भी है। उन्होंने कहा कि पिछले 3 वर्षों में पेश किए गए बजटों की घोषणाओं का क्या हुआ, इसका जवाब आज जनता मांग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने हर बजट में बड़ी-बड़ी घोषणाएं कीं, लेकिन उन्हें धरातल पर उतारने में पूरी तरह विफल रही। आज प्रदेश में सेवानिवृत्त कर्मचारी, बेरोजगार युवा, महिलाएं, किसान और बागवान परेशान हैं और विकास कार्य लगभग ठप्प पड़े हैं।
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वायदे किए थे, जिन्हें सत्ता में आने के बाद कैबिनेट में भी स्वीकार किया गया, लेकिन उन वायदों पर अब तक कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आई। पहली कैबिनेट में 1 लाख सरकारी नौकरियां देने और पहले वर्ष में 5 लाख रोजगार उपलब्ध कराने का दावा किया गया था, जो आज भी अधूरा है। वहीं 28 लाख महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी भी पूरी नहीं हो सकी। किसानों, बागवानों और युवाओं से जुड़े वायदे भी अधूरे हैं। प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि 3 वर्षों में जो बजट पास हुए, उन योजनाओं का क्रियान्वयन आखिर क्यों नहीं हुआ। यह सरकार की अक्षमता है या प्रशासनिक विफलता, जिसके कारण बजटीय घोषणाएं जमीन पर नहीं उतर पा रही हैं।
राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि सरकार ने अब तक करीब 45,000 करोड़ रुपए का कर्ज लिया है, लेकिन इसका लाभ आम जनता को नहीं मिला। यह राशि कहां खर्च हुई और किसे इसका फायदा मिला, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। सरकार की नीतियों के चलते महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जन परेशान है। चौथे बजट के दौरान प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि पिछले 3 वर्षों में किए गए वायदों और बजटीय घोषणाओं का क्या हुआ और लोगों को वास्तविक राहत कब मिलेगी।

