भाजपा ने राफेल मुद्दे पर घेरी कांग्रेस, राहुल गांधी से मांगा इस्तीफा

Wednesday, Dec 19, 2018 - 04:03 PM (IST)

ऊना (अमित): राफेल मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद भाजपा को संजीवनी मिल गई है और अब इस मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस की घेरेबंदी शुरू कर दी है। इस कड़ी में ऊना जिला भाजपा ने राफेल मुद्दे को लेकर एम.सी. पार्क में कांग्रेस पार्टी के खिलाफ धरना दिया। इस धरने का नेतृत्व पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किया जबकि विधायक राजेश ठाकुर, हिमुडा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, राज्य उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राम कुमार और जिला भाजपा अध्यक्ष बलबीर बग्गा विशेष रूप से उपस्थित रहे। धरना-प्रदर्शन में भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राफेल मामले पर कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर हमला बोला। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एम.सी. पार्क से लेकर मिनी सचिवालय तक रोष रैली निकालकर कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सांसद पद से इस्तीफा दें राहुल गांधी

इस दौरान भाजपा नेताओं ने डी.सी. ऊना राकेश प्रजापति के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से सांसद पद से इस्तीफे की मांग की। पंचायती राज मंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश हो गया है बावजूद इसके कांग्रेस के लोग देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर वोट बटोरने के लिए लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के झूठ को सामने लाने के लिए भाजपा जन-जागरण अभियान छेड़ेगी।

Vijay