''भाजपा का 6 माह का कार्यकाल कांग्रेस के 5 वर्षों पर भारी''

Friday, Jul 20, 2018 - 03:10 PM (IST)

हमीरपुर : कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां विस क्षेत्र में गत विस चुनावों में कांग्रेस के प्रत्याशी और पूर्व परिवहन मंत्री जी.एस. बाली को हराने वाले भाजपा विधायक अरुण मेहरा (कूका) ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से कांग्रेस के नेताओं की नींद खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता सत्ताविहीन होने के बावजूद सत्ता के लालची बने हुए हैं। विधायक अरुण मेहरा नगरोटा बगवां से शिमला जाते समय हमीरपुर स्थित राज पैलेस गजोह में अनौपचारिक प्रैस वार्ता के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार का 6 माह का कार्यकाल कांग्रेस सरकार के 5 वर्ष के कार्यकाल पर भारी पड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही आम लोगों व गरीब लोगों को लाभ पहुंचाने की कई योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही एक लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनैक्शन वितरित करने जा रही है ताकि महिलाओं को जहरीले धुएं से निजात मिल सके। इस दौरान राज पैलेस गजोह के एम.डी. नंद लाल कानूनगो ने विधायक अरुण मेहरा को सम्मानित भी किया।   

kirti