BJP की रथयात्रा का जवाब विकास यात्रा से देगी युकां, राहुल गांधी भी करेंगे शिरकत

Tuesday, Jun 27, 2017 - 10:37 AM (IST)

शिमला: हिमाचल युवा कांग्रेस भाजपा की परिर्वतन रथयात्रा का जवाब विकास यात्रा से देगी। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में सोमवार को आयोजित हुई युवा कांग्रेस की बैठक में विकास यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। यह विकास यात्रा प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को विकास यात्रा में शिरकत करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। जुलाई माह में विकास यात्रा शुरू होगी, जिसका शैड्यूल युवा कांग्रेस जल्द ही जारी करेगी। इस यात्रा के माध्यम से युवा कांग्रेस प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने का काम करेगी। सरकार के अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियों को ब्लाक व जिला के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाएगा। प्रदेश कार्यकारिणी की यह अहम बैठक युकां प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह की अध्यक्षता में हुई। युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी वीर देवेंद्र सिंह सिद्धू, प्रदेश महासचिव विनोद जिंटा, रणवीर राणा व विकास काल्टा सहित अन्य लोकसभा और विधानसभा पदाधिकारियों ने भाग लिया।


मंडी में लगेगा संकल्प शिविर 
युवा कांग्रेस जिला मंडी में 2 दिवसीय संकल्प शिविर का भी आयोजन करेगी। 8 व 9 जुलाई को यह शिविर आयोजित होगा। बैठक में इसको लेकर पूरी रूपरेखा तैयार कर दी गई है। नगर निगम शिमला चुनाव के बाद युवा कांग्रेस की यह पहली समीक्षा बैठक थी।


विधानसभा चुनाव के लिए हो जाएं तैयार: सिद्धू
इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी वीर देवेंद्र सिंह सिद्धू ने पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अभी से ही तैयारियां शुरू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता को जागरूक करने के लिए सम्मेलनों के आयोजन भी किए जाएंगे।