नयनादेवी में बढ़ रही गुंडागर्दी के खिलाफ BJP का धरना-प्रदर्शन, रणधीर शर्मा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Saturday, Jan 13, 2024 - 05:12 PM (IST)

नयनादेवी (मुकेश): बिलासपुर जिला के नयनादेवी क्षेत्र में बढ़ रही गुंडागर्दी के खिलाफ शनिवार को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा की अगुवाई में लगभग 200 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने डीएसपी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन व कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी। रणधीर शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में कांग्रेस सरकार के कुछ नेता गुंडागर्दी जैसी घटनाओं को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसके चलते मजबूर होकर आज उन्हें डीएसपी कार्यालय के बाहर धरना देना पड़ा है। उन्होंने धरना-प्रदर्शन के माध्यम से उन घटनाओं को उजागर करने का प्रयास किया है, जिनके चलते क्षेत्र में अशांति का माहौल बना हुआ है।

कांग्रेस नेता ठेकेदारों पर डाल रहे दबाव
रणधीर शर्मा ने कहा कि रेलवे कंपनियों के अधीन काम करने वाले ठेकेदारों पर कांग्रेस के नेता पंजाब से गुंडों को लाकर दबाव डाल रहे हैं, जिसके चलते पंजाब के लोगों को काम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में 5 एग्रीमैंट मैक्स और सिंगला कंपनियों ने पंजाब और दिल्ली की कंपनियों से किए हैं। उनकी मांग है कि वह काम हिमाचल के लोगों को दिए जाएं। हिमाचल के युवा इनमें काम करें, वहीं पुलिस गुंडागर्दी को रोकने का काम करे न कि गुंडों को संरक्षण देने का काम करे।

सरकार बिगड़ रही कानून व्यवस्था को सुधारे 
रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वह भी निरंतर बिगड़ रही कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दें और पुलिस अधिकारी भी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाते हुए गुंडा तत्वों पर नकेल कसें ताकि इस क्षेत्र में शांति बनी रहे और जो विकास के काम हो रहे हैं वे पारदर्शी ढंग से चल सकें। धरना-प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष शर्मा, लोअर मंडल अध्यक्ष बालकृष्ण ठाकुर, एससी मोर्चा महामंत्री कृष्ण लाल चंदेल, भाजपा जिला महामंत्री बृजलाल ठाकुर, महामंत्री नंदलाल ठाकुर, युवा मोर्चा जिला महामंत्री रामपाल चौधरी, युवा मोर्चा जिला सचिव अरुण गौतम, श्रीनयनादेवी जी भाजपा बूथ अध्यक्ष चंडी कुमार, भाजपा लोअर मंडल प्रवक्ता दीपक शर्मा, प्रेमलाल ठाकुर, भूपेंद्र ठाकुर, शैलेंद्र भरौल, रूपेश भट्टी, प्रधान संदीप चंदेल व केहर सिंह सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay