जानिए गगरेट में भाजपा ने किसका जलाया पुतला

punjabkesari.in Friday, Apr 02, 2021 - 10:13 PM (IST)

गगरेट (बृज): कृषि सहकारी सभा दियोली घोटाले मामले में कांग्रेस समर्थक अनिल डढवाल की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने शुक्रवार को गगरेट में उनके खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन किया तथा मुख्य चौक पर नारेबाजी के बीच उनका पुतला फूंका। भाजपा मंडलाध्यक्ष सतपाल सिंह की अगुवाई में हुए कांग्रेस विरोधी प्रदर्शन में विश्वजीत पटियाल, महामंत्री हरमेश हीर, सन्नी पटियाल, संजय शर्मा, वरिन्द्र शर्मा सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

दियोली सहकारी सभा में घोटाले के लिए कांग्रेस जिम्मेदार : सतपाल सिंह

कांग्रेस नेता अनिल डढवाल की गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेताओं ने दियोली सहकारी सभा में घोटाले के लिए कांग्रेस पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। रोष प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ खूब भड़ास निकाली। मंडलाध्यक्ष सतपाल सिंह ने कहा कि गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर की तत्परता और हस्तक्षेप के चलते करोड़ों रुपए के इस घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। आने वाले दिनों में कई और भी चेहरे बेनकाब होंगे। जनता को भी अब पता चल गया है कि इस महाघोटाले के मास्टरमाइंड कौन थे। अगर सत्ता परिवर्तन के बाद प्रदेश में भाजपा सरकार सत्तासीन नहीं होती और विधायक राजेश ठाकुर इस मामले को न उठाते तो यह घोटाला आज भी सामने नहीं आता। उन्होंने कहा कि पुलिस व संबंधित विभाग बिना किसी दबाव के इस मामले में अपना काम कर रहा है और जो-जो इस घोटाले में संलिप्त पाया गया वह सामने आकर ही रहेगा।

भाजपा की स्थिति चोर मचाए शोर जैसी : राकेश कालिया

उधर, दूसरी तरफ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक राकेश कालिया ने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा की स्थिति चोर मचाए शोर जैसी है। यह बात सर्वविदित है कि कृषि सहकारी सभा का सचिव ही सर्वेसर्वा होता है और प्रधान के पास सीमित शक्तियां होती हैं। पैसे का हिसाब-किताब व लेन-देन सब सचिव के हाथ में होता है। ऐसे में पूर्व प्रधान के गिरफ्तार होने पर भाजपा नेता खुश न हों बल्कि विधायक इसकी चिंता करें कि लोगों का पैसा कैसे वापस आएगा। इसके लिए विधायक मुख्यमंत्री से इस सभा के लिए बेलआऊट पैकेज लेकर आएं ताकि जनता का भला हो सके। सभा का महाघोटाला भाजपा के लिए राजनीति चमकाने का मुद्दा हो सकता है लेकिन इससे जनता के पैसे वापस नहीं मिलेंगे इसलिए ये धरने प्रदर्शन मुख्यमंत्री के समक्ष जाकर करें ताकि खाताधारकों का फायदा हो सके।

सच्चाई सामने आने के लिए दी गिरफ्तारी : अनिल

उधर, अनिल डढवाल ने कहा कि वह चाहते तो अग्रिम जमानत याचिका दायर करते लेकिन जनता का पैसा उन्हें मिले, इसके लिए उन्होंने गिरफ्तारी दी है ताकि दूध का दूध व पानी का पानी हो सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News