ताश के पत्तों की तरह बिखरा कांग्रेस का कुनबा : सुरेश कश्यप

punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2020 - 08:41 PM (IST)

नाहन (ब्यूरो): कांग्रेस का कुनबा अब ताश के पत्तों की तरह बिखर रहा है। नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री को सरकार व भाजपा को लेकर अनाप-शनाप बयानबाजी करने की बजाय अपनी पार्टी के बिखरते कुनबे को संभालना चाहिए। सांसद सुरेश कश्यप व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने पत्रकार सम्मेलन में आरोप लगाया कि आज कांग्रेस में हर कोई नेता मुख्यमंत्री बनना चाहता है। मंडी से कौल सिंह, कांगड़ा से जीएस बाली, मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंदर सिंह सुक्खू व कुलदीप राठौर सभी इसी जुगाड़ में लगे हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि बाजी जीतने में कहीं लंच डिप्लोमेसी हो रही है तो कहीं डिनर डिप्लोमेसी। कांग्रेस आज तक अपनी हार पचा नहीं पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना काल में कांग्रेस घटिया सियासत में लगी है। कांग्रेस के सभी नेता वजूद की लड़ाई लड़ रहे हैं।

एक सवाल के जवाब में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में न कोई गुटबाजी है और न ही कोई विरोध की चिंगारी कैबिनेट विस्तार को लेकर उठी है। संगठन एक बड़े परिवार की तरह है। सभी की उम्मीदें होती हैं लेकिन मंत्री पद सभी को नहीं मिलता। मंत्रिमंडल विस्तार में सभी जिलों को संतुलित करने का प्रयास किया गया है। आगामी पंचायत व स्थानीय निकायों के चुनाव चुनौती की तरह हैं। इसके लिए संगठन तैयार हो रहा है। 2022 में मिशन रिपीट होगा।

जब उनसे पूछा गया कि सत्ता पक्ष के नेता व कार्यकर्ता सोशल डिस्टैंसिंग नहीं कर रहे हैं। जगह-जगह भीड़ का हिस्सा बन रहे हैं व स्वागत हो रहे हैं तो इस पर उन्होंने कहा कि कोरोना की जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती तब तक कोरोना से बचने के लिए मास्क व सोशल डिस्टैंस ही बचाव है। संगठन के नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी यह बात समझनी चाहिए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनय कु मार गुप्ता, मंडलाध्यक्ष प्रताप सिंह व मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News