भाजपा ने कारगिल शहीदों को दी श्रद्धांजलि

punjabkesari.in Monday, Jul 26, 2021 - 05:06 PM (IST)

चम्बा (काकू): कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य भाजपा मंडल चम्बा द्वारा सोमवार को महाजन सभा चम्बा में कार्यक्रम आयोजित गया। इस मौके पर सदर विधायक पवन नैय्यर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इसके अलावा भाजपा जिला संयोजक पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ कैप्टन मुस्सदी राम ठाकुर और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सैनिक प्रकोष्ठ ज्ञान चंद शर्मा विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सबसे पहले दीप प्रज्जवलित करके दो मिनट का मौन रख कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। विधायक पवन नैय्यर ने दोनों विशिष्ठ अतिथियों को शॉल व टोपी पहना कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल-द्रास सेक्टर में पाकिस्तानी घुसपैठियों से भारतीय क्षेत्रों को वापस लेने के लिए भारतीय सेना द्वारा ‘ऑपरेशन विजय शुरू किया गया था। कारगिल युद्ध में सैनिकों द्वारा किए गए बलिदान को याद करने के लिए हर वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। इस युद्ध में देश के 500 से अधिक जवान शहीद हो गए थे।

कारगिल युद्ध में देश को विजय दिलाने वाले सैनिकों पर सभी देशवासियों को गर्व है। सैनिकों के इस अदम्य साहस के दम पर ही आज दुश्मन देश भारत की सेना का लोहा मानता है। इस मौके पर कैप्टन मुस्सदी राम ठाकुर ने अपने अनुभव सांझा किए। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष जसबीर नागपाल ने कारगिल के शहीदों की विजयगाथा का वर्णन किया और बताया कि किस तरह भाजपा की केंद्र सरकार सैनिकों के हितों के लिए काम कर रही है। मोदी सरकार ने सेना और सैनिकों को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किए हैं। इस अवसर पर भाई कंवलदीप सिंह और तनप्रीत सिंह ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत करके माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार, प्रदेश सचिव एवं कांगड़ा के प्रभारी जय सिंह, मंडल महामंत्री संजीव सूरी, जिला महामंत्री नरयाल, जिला कोषाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, मण्डल कार्यकारिणी के पदाधिकारीगण, सदस्य और भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kaku Chauhan

Recommended News

Related News