भाजपा संगठन में 3 से 6 माह में दिखेगा बदलाव : संजय टंडन

Sunday, Feb 21, 2021 - 12:06 AM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के संगठन में अगले 3 से 6 माह के भीतर बदलाव देखने को मिलेगा। 2022 में मिशन रिपीट के लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता नई ऊर्जा व उत्साह से लबरेज है। यह कहना है भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन का। पंजाब केसरी से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार व संगठन में कमियां ढूंढकर उन्हें दूर करने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना और खुद वह हर हफ्ते 2 जिलों में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर वस्तुस्थिति जान रहे हैं। चीजें सही दिशा में चल रही हैं, जिन्हें व्यवस्थित करने पर उनका जोर है।

धर्मशाला में  तैयार की अगली कार्ययोजना

धर्मशाला में 2 दिन तक चली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन के पूरे ढांचे का अध्ययन व नेताओं-कार्यकर्ताओं के सुझाव लेकर अगली कार्ययोजना तैयार की है। अगले 15 दिनों में संगठनात्मक जिला व मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 10 दिन बाद शिमला में प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक होगी। हर विधायक व पूर्व विधायकों से अलग से बैठक कर उनकी बात सुनी जाएगी। मंत्रियों को जिलों व मंडलों में अपने दौरों व कार्यक्रमों की सूचना संगठन को देनी होगी। सभी मंत्रियों व विधायकों से उनके 3 साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड मांगा गया है। कुछ ने जमा भी करवा दिया है।

28 फरवरी को ऊना जिले में होगा कार्यालय का शिलान्यास

उन्होंने कहा कि 30 मार्च से पहले प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों में पार्टी दफ्तरों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। 28 फरवरी को ऊना जिले में कार्यालय का शिलान्यास होगा। भाजपा सह प्रभारी ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव और फतेहपुर उपचुनाव एक तरह से सत्ता का सैमीफाइनल होंगे। इसे जीतने के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है। हिमाचल में हर 5 साल बाद सरकार बदलने की रिवायत पर उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता यह महसूस करने लगते हैं कि अगली बार उनकी सरकार नहीं आएगी, इसलिए वे ढीले पड़ जाते हैं। वे कार्यकर्ताओं की इस धारणा को बदलने का प्रयास कर रहे हैं। इस दृष्टि से पार्टी पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने माना कि कोरोना काल में प्रदेश का विकास कुछ हद तक प्रभावित हुआ है। कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का हिमाचल से नाता होने के चलते यहां ट्रिप्पल इंजन की सरकार चल रही है। इसलिए जल्द स्थितियां सुधरेंगी व तमाम बड़े प्रोजैक्ट्स पर काम शुरू होगा।

गुटबाजी को तूल देने वाले बाहर होंगे

उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में अब गुटबाजी को तूल देने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी ऐसा करेगा, पार्टी से बाहर होगा। उन्होंने नाम लिए बगैर कहा कि जिन क्षेत्रों में नेताओं के बीच व्यक्तिगत मनमुटाव हैं, उन्हें आमने-सामने बैठाकर मसले हल किए जाएंगे। नेताओं में मनभेद हो सकते हैं, लेकिन उन्हें मतभेद में बदलने से बचना होगा। इसके लिए हर विधानसभा हलके में संवाद बढ़ाया जाएगा। 

सोशल मीडिया से जुड़ेंगे अढ़ाई लाख सक्रिय कार्यकर्ता 

उन्होंने कहा कि 28 फरवरी को बद्दी में उन्होंने प्रदेश आईटी विंग का सम्मेलन बुलाया है। इसमें प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया की नवीनतम तकनीकों के प्रयोग की जानकारी दी जाएगी। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हुई चर्चा के अनुरूप अढ़ाई लाख सक्रिय कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के जरिए पार्टी नेताओं से जोड़ा जाएगा। इससे आम कार्यकर्ताओं तक पार्टी व सरकार के कामकाज से संबंधित हर सूचना मिलेगी, जिसे वे अपने-अपने इलाके के हर व्यक्ति तक पहुंचाएंगे।

Content Writer

Vijay