नगर परिषद बिलासपुर पर एक बार फिर भाजपा का कब्जा, कमल गौतम चुने अध्यक्ष

punjabkesari.in Saturday, Jun 15, 2024 - 05:57 PM (IST)

बिलासपुर (ब्यूरो): नगर परिषद बिलासपुर पर एक बार फिर से भाजपा का कब्जा हो गया है। इस जीत को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, महामंत्री त्रिलोक कपूर, भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल सहित अन्य नेताओं ने हर्ष व्यक्त किया और नव नियुक्त अध्यक्ष एवं टीम को बधाई दी। इस अवसर पर भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल ने बताया कि नगर परिषद के उपाध्यक्ष कमल गौतम सर्वसम्मति से नगर परिषद के अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। यह भाजपा के लिए हर्ष का विषय है। कांग्रेस की ओर से कोई भी नॉमिनेशन फाइल न होना बड़ी बात रही। सदर एसडीएम अभिषेक कुमार गर्ग की अध्यक्षता में यह चुनाव आयोजित किया गया। बता दें कि नगर परिषद बिलासपुर में इससे पहले भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए कमलेंद्र कश्यप को अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, लेकिन बाद में भाजपा के ही पार्षदों और अध्यक्ष के स्वर न मिलने की वजह से अंदरखाते उनके खिलाफ काफी विरोध शुरू हो गया। अंततः कमलेंद्र कश्यप ने स्वतः ही अपने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।  उन्होंने कहा कि भाजपा का परचम नगर परिषद बिलासपुर पर कायम है।

भाजपा की कार्यशैली की हुई जीत : बिंदल
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने नगर परिषद बिलासपुर में अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत के लिए बिलासपुर वासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर नगर परिषद में भाजपा का अध्यक्ष बनना भाजपा की कार्यशैली की जीत है और वर्तमान कांग्रेस की सरकार की हार है। बिन्दल ने कहा कि लोकसभा के चुनाव में हिमाचल की चारों सीटें भाजपा ने जीती और कांग्रेस को चारों खाने चित किया। 68 में से 61 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का हारना भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार और निकम्मी सरकार होने का परिणाम है। आने वाले समय में भी इस मित्रों की सरकार को प्रदेश की जनता लगातार हराएगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News