BJP की सुमन बनी मंडी नगर परिषद अध्यक्ष, इतिहास में पहली बार निर्विरोध चुनाव

Monday, Jan 29, 2018 - 01:19 PM (IST)

मंडी (नीरज/पुरुषोत्तम): नगर परिषद मंडी के इतिहास में पहली बार किसी अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया। भाजपा नेत्री सुमन ठाकुर को नगर परिषद मंडी का अगला अध्यक्ष चुना गया है। सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए आयोजित चुनावी प्रक्रिया में ठाकुर के अलावा कोई और नामांकन नहीं आया। जिसके चलते उनको सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए चुना गया। 


बताया जाता है कि ठाकुर सीएम जय राम ठाकुर की काफी करीबी है और वह लगातार तीसरी बार बतौर पार्षद चुनकर नगर परिषद पहुंची है। सुमन वर्तमान में मंडी जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी है। उन्होंने अपनी ताजपोशी के लिए सीएम, ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा, पार्टी हाईकमान और अन्य सभी पार्षदों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों ने दलगत राजनीति से उपर उठकर उनका चुनाव किया है जो अपने आप में गर्व की बात है।


सुमन ने कहा कि शहर के विकास के लिए जो भी संभव होगा वह करने का प्रयास करेगी। इसके लिए वह राज्य सरकार के साथ-साथ सभी पार्षदों, प्रशासन और शहर वासियों का सहयोग लेंगी। इससे पहले नगर परिषद मंडी के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित नीलम शर्मा तैनात थी, लेकिन सत्ता परिवर्तन होते ही उन्होंने अपने पद से त्याग दे दिया था। अनिल शर्मा के भाजपा में जाने से अधिकतर पार्षद भी भाजपा में शामिल हो गए थे जिस कारण यहां परिवर्तन होना स्वभाविक था।