पांवटा साहिब नगर परिषद में लहराया भगवा, जानिए किसे सौंपी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की कमान

Monday, Feb 24, 2020 - 03:16 PM (IST)

नाहन (सतीश): नगर परिषद पांवटा साहिब में एक बार फिर भाजपा काबिज हो गई है। नगर परिषद में बहुमत वाली भाजपा से सीमा देवी को अध्यक्ष जबकि राजेंद्र सिंह मान उपाध्यक्ष चयनित हुए हैं। बता दें कि शनिवार को नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। देर शाम चुनावी प्रक्रिया एसडीएम पांवटा साहिब एलआर वर्मा की देखरेख में हुई, जिसमें शहर के वार्ड नंबर-13 की पार्षद सीमा देवी को नगर परिषद की अध्यक्ष जबकि वार्ड नंबर-4 के पार्षद राजेंद्र सिंह मान को उपाध्यक्ष चुना गया। इस दाैरान विपक्षी पार्षद चुनाव की बैठक में शामिल तो हुए लेकिन भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर यहां से किनारा करते हुए वाकआऊट कर गए। एसडीएम पांवटा साहिब ने बताया कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों ही पदों के लिए एक-एक आवेदन आया था। कोई अन्य आवेदन न आने की सूरत में दोनों ही उम्मीदवारों को निर्वाचित घोषित किया गया। बता दें कि इससे पहले 20 फरवरी को भी चुनावी प्रक्रिया आयोजित हुई थी लेकिन उस समय कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव नहीं हो पाए थे। कुछ माह पूर्व नगर परिषद पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, जिसके चलते अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफे दे दिए थे, जिसके बाद से यहां अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पद रिक्त थे।

 

Vijay