कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को भेदने आज नूरपुर पहुंचेंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा

punjabkesari.in Monday, Jun 12, 2023 - 12:08 AM (IST)

धर्मशाला/नूरपुर (ब्यूरो): हिमाचल में लोकसभा चुनावों में जुटी भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करवाने को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को नूरपुर पहुंचेंगे। नूरपुर में नड्डा कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को भेदने का प्रयास करेंगे। इतना ही नहीं, नड्डा कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करते हुए एकजुटता के साथ चुनावों में उतरने के लिए मंत्र देंगे। जेपी नड्डा पार्टी कार्यालय के उद्घाटन के बहाने मिशन 2024 का शंखनाद करेंगे। आगामी वर्ष लोकसभा चुनाव होने हैं और जिला कांगड़ा प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है, ऐसे में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन के जरिए पार्टी अध्यक्ष कार्यकर्ताओं में चुनावी तैयारी और जीत का मूलमंत्र देंगे।  हालांकि भाजपा नेताओं ने विधानसभा चुनावों में भी पूरा जोर लगाया था लेकिन जो कमियां रही, उन्हें लोकसभा चुनावों से पहले दूर करते हुए केंद्र में फिर से मोदी के नेतृत्व में सरकार का गठन हो, इसके लिए भाजपा ने कहीं न कहीं कांग्रेस से आगे बढ़कर पहल कर दी है।

हमीरपुर में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक आज
हमीरपुर जिले में प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक 12 जून को सॢकट हाऊस में होगी। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी टंडन, संगठन मंत्री सिद्धार्थन, राकेश जम्वाल, त्रिलोक कपूर, सतपाल सत्ती व डाॅ. राजीव सहजल के अलावा हाल ही में कोर ग्रुप के सदस्य बने विपिन परमार व हर्ष महाजन भी भाग लेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के आने पर अभी संशय बना हुआ है। बैठक में आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों के साथ ही विधानसभा चुनावों की हार की समीक्षा पर चर्चा होगी। बैठक के दौरान कोई भी स्थानीय पदाधिकारी, विधायक या कार्यकर्ता अंदर नहीं जा सकता तथा मीडिया पर भी पूरी पाबंदी रहेगी। सुलह के विधायक विपिन परमार ने बताया कि वह भी कोर ग्रुप की बैठक में भाग लेंगे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News