व्यापारिक हितों को लेकर हुई पूर्व विधायक से लड़ाई, भाजपा का नहीं कोई लेना-देना: त्रिलोक जम्वाल

Sunday, Feb 25, 2024 - 06:54 PM (IST)

बिलासपुर (विशाल): बिलासपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के साथ हुई मारपीट ने सियासी माहौल गर्मा दिया है। रविवार को इसी मुद्दे पर भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल व भाजपा जिलाध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान ने पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस पर पलटवार किया। विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि भाजपा किसी भी हिंसा का समर्थन नहीं करती व सिद्धांतों की लड़ाई लड़ती है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक से हुई यह लड़ाई व्यापारिक हितों को लेकर दो गुटों के बीच हुई लड़ाई है व इसमें भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। त्रिलोक जम्वाल ने आरोप लगाया कि 23 फरवरी को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 2 अन्य केंद्रीय मंत्रियों के साथ बिलासपुर एम्स में करोड़ों रुपए की सौगातें दे गए। पूर्व विधायक ने इस कार्यक्रम की भव्यता को कम करने के लिए इस तरह की घटना को अंजाम दिया। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे प्रोजैक्ट में सरकार के नाम पर करोड़ों रुपए की उगाही का धंधा भी पनप रहा है। ऐसे नेताओं को यह भी बताना चाहिए कि इस राशि का कितना प्रतिशत सरकार के खाते में जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रश्न को विधानसभा में भी उठाया जाएगा। 

भाजपा पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरबां में झांके कांग्रेसी नेता
त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि इससे पहले फोरलेन सड़क निर्माण के दौरान भी कांग्रेस के पूर्व विधायक पर इस तरह के आरोप लगे थे व कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेताओं ने सवाल उठाए थे। बिलासपुर शहर के लोग डियारा सैक्टर चिट्टा कांड व बागी बिनौला कथित गोलीकांड की घटना तथा डीएफओ को थप्पड़ मारने व मंडी में चरस पकड़ने की घटना को भूले नहीं हैं। भाजपा पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेसी नेताओं को अपने गिरेबान में झांक कर देख लेना चाहिए। वहीं ए जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान ने प्रदेश सरकार से इस मामले में उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की है ताकि दूध का दूध व पानी का पानी हो सके। पत्रकार वार्ता में भाजपा सदर मंडलाध्यक्ष हंस राज ठाकुर, शहरी भाजपा अध्यक्ष मदन राणा, कार्यालय सचिव द्विवेश चंदेल, मीडिया प्रभारी भूपेश चंदेल, संजीव डोगरा, सनातन शर्मा सहित अन्य भाजपा नेता भी उनके साथ मौजूद रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay