प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर फेल, 2 सीमैंट प्लांटों के बंद होने से हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर संकट : त्रिलोक जम्वाल

punjabkesari.in Thursday, Dec 22, 2022 - 11:51 PM (IST)

बिलासपुर (विशाल): वर्तमान प्रदेश सरकार हर मुद्दे पर फेल साबित हो रही है। अपने चुनावी घोषणा पत्र में कांग्रेस ने जहां नए उद्योग लगाकर अधिक रोजगार व स्वरोजगार उत्पन्न करने की बात कही थी वहीं इस सरकार के बनते ही प्रदेश की 2 सीमैंट फैक्टरियां अघोषित समय के लिए बंद हो गईं जिससे हजारों परिवारों के रोजगार पर संकट पैदा हो गया है। वहीं प्रदेश कांगे्रस सरकार ने पूर्व सरकार द्वारा खोले गए 500 से भी अधिक संस्थानों को बंद करने का निर्णय लिया है। यह बदले व इष्र्या से की जा रही कार्रवाई है। यह बातें वीरवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए बिलासपुर के नवनिर्वाचित विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कही।

भाजपा सरकार में भी आईं ऐसी परिस्थितियां पर सब ठीक रहा
उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार में उन्होंने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार के रूप में कार्य करते समय अनेक उद्योग व उद्योगपतियों के साथ ऐसी ही परिस्थितियों का सामना किया लेकिन सरकार की कार्यकुशलता के चलते सब ठीक-ठाक रहा। अबकी सरकार ढीली सरकार है। प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को चाहिए कि वे सभी पक्षों को तुरंत बुलाकर स्वयं बात करते व समस्या का हल निकालते लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री इस कठिन समय में भी दिल्ली हाईकमान के पास हाजिरी भर रहे हैं व राहुल गांधी की यात्राओं में जाकर उनसे मिल रहे हैं। प्रदेश के हजारों परिवार इन फैक्टरियों के बंद होने से वित्तीय संकट में आ गए हैं उनकी चिंता कौन करेगा। 

मुद्दे को लेकर भाजपा हर पहलू से कर रही अध्ययन
जम्वाल ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के ध्यान में भी यह मुद्दा प्रमुख है व भाजपा हर पहलू से अध्ययन कर रही है। यदि ट्रक ऑप्रेटर्ज के लिए कोर्ट में भी जाना पड़े तो वे साथ जाएंगे। वहीं उन्होंने कहा कि 500 से भी अधिक पूर्व सरकार के समय के खोले संस्थानों को डिनोटिफाइड कर देना बेहद ही गलत कदम है। कहा लोगों को इंतजार है कि पहली जनवरी से 300 यूनिट बिजली फ्री होगी व उनके पशुओं का गोबर तुरंत प्रदेश सरकार खरीदना शुरू करेगी वहीं उलटे अब कांग्रेस द्वारा दी गई अपनी चुनावी गारंटियों को भी प्रदेश मुख्यमंत्री आगे की ओर टाल रहे हैं। इस पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, मंडलाध्यक्ष हंसराज ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य स्वदेश ठाकुर, जिला महामंत्री आशीष ढिल्लों, मुख्य प्रवक्ता रूप लाल ठाकुर, शहरी इकाई अध्यक्ष मदन राणा व उपाध्यक्ष मोहित सांख्यान भी उनके साथ मौजूद रहे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News