भाजपा विधायक ने साधा निशाना, कहा-हिमाचल में कानून नहीं जंगलराज

Wednesday, Aug 16, 2017 - 07:06 PM (IST)

बिलासपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व श्रीनयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने लाड़ाघाट में परिवर्तन रथ को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह रथ पूरे श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र में घूमेगा और गांव-गांव व घर-घर जाकर वर्तमान हिमाचल सरकार की नाकामियों को वीडियो के माध्यम से उजागर करेगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट व निकम्मी सरकार है क्योंकि इसके कार्यकाल में न तो को विकास हुआ और न ही जनता की समस्याओं का समाधान। इस सरकार के समय में माफियाराज व भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा। मुख्यमंत्री समेत सरकार के सभी कर्णधार जहां भ्रष्टाचार में संलिप्त रहे वहीं अपराधियों को भी संरक्षण देते रहे जिससे प्रदेश में कानून व्यवस्था दिन-प्रतिदिन बिगड़ती रही। प्रदेश में कानून का राज नही बल्कि जंगलराज है। 

मुख्यमंत्री व उनका परिवार जमानत पर 
उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता शर्मसार है कि क्योंकि प्रदेश का मुख्यमंत्री व उनका परिवार जमानत पर है और यदि जमानत रद्द हो जाए तो कुछ भी हो सकता है। इसलिए ऐसी परिस्थिति आने से पहले ही भाजपा का दायित्व है कि प्रदेश की वीरभद्र सरकार की विफलताओं और काले कारनामों को इस परिवर्तन रथ के माध्यम से घर-घर पहुंचाए। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष व सोलधा पंचायत के प्रधान संतराम कौंडल, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष , पूर्व प्रधान व पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुरेंद्र भारती, नयनादेवी भाजपा मंडल महामंत्री प्रेम सिंह ठाकुर, छकोह पंचायत के प्रधान जोगेंद्र कुमार, पूर्व प्रधान रोशन लाल शर्मा, रानीकोटला पंचायत के उप प्रधान राजकुमार कौंडल व अशोक ठाकुर भी मौजूद रहे।