कांग्रेस ने 70 वर्षों में देश को महंगाई के बोझ तले दबाया : इंदु गोस्वामी

Sunday, Sep 18, 2022 - 05:05 PM (IST)

नाहन (दलीप): भाजपा महिला मोर्चा का सम्मेलन नाहन के जिला परिषद भवन में रविवार को आयोजित हुआ। सम्मेलन में राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महिला मोर्चा की महामंत्री इंदु गोस्वामी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सम्मेलन में भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित हुईं। इंदु गोस्वामी ने नाहन में मीडिया से रू-ब-रू होते हुए कहा कि महिलाओं में भाजपा सरकार के प्रति खासा उत्साह है। प्रदेश में महिला मोर्चा सम्मेलन आयोजित हो रहे हैं, जिसमें भारी संख्या में महिलाएं अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा सरकार सत्ता में आने वाली है। 

इंदु गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी प्रदेश की भोली-भाली जनता को लुभाने के लिए कई ऐलान कर रही हैं लेकिन अब प्रदेश की जनता झूठे प्रलोभनों में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने महिला वोट की कीमत 1 हजार तो कांग्रेस पार्टी ने महिला वोट की कीमत 1500 रुपए लगाई है लेकिन अब महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 70 वर्षों में कांग्रेस सरकार ने मात्र लोगों के साथ छलावा किया और देश की जनता को महंगाई के बोझ तले दबाया है। कांग्रेस नेत्री अलका लांबा के बयान पर पलटवार करते हुए इंदु गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस काल में गैस सिलैंडर 1400 से पार हुआ करता था। तब कांग्रेस नेताओं को यह नहीं दिखता था। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay