BJP महेंद्र धर्माणी का कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला

Sunday, Jun 11, 2017 - 04:32 PM (IST)

बिलासपुर: हिमाचल में वन माफिया ने करसोग में एक ईमानदार और साहसी कर्मचारी को मौत के घाट उतार दिया, मगर प्रदेश सरकार वन माफिया पर हमेशा मौन रही है। अब प्रदेश की कांग्रेस सरकार को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने कहा कि देवभूमि के जंगल और जंगलों की सुरक्षा करने वाले कांग्रेस सरकार में सुरक्षित नहीं हैं।


वन माफिया कितने सक्रिय हैं, यह करसोग मामले से साफ  जाहिर हो गया है कि किस तरह बेरहमी से फोरैस्ट गार्ड होशियार सिंह की हत्या हुई है। यह बेहद ही सोचनीय है। जब वन कर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं तो वन सुरक्षित कैसे हो पाएंगे। महेंद्र धर्माणी ने कहा कि प्रदेश भर में वन माफिया जाल बिछाए हुए है लेकिन पिछले 4 वर्षों में एक भी वन माफिया का सरगना प्रशासन ने नहीं पकड़ा। सरकार कोई ऐसी योजना भी नहीं बना पाई है जिससे वन माफिया पर लगाम लग सके। करसोग मामले की जांच निष्पक्ष और तुरंत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिमला, कुल्लू, चम्बा व मंडी आदि में सबसे ज्यादा वन माफिया सक्रिय हैं।