सीमेंट के बढ़े दामों से फूले नहीं समा रहे भाजपा नेता : कांग्रेस

Sunday, Jan 19, 2020 - 03:25 PM (IST)

 

हमीरपुर : सीमेंट के दामों पर बढ़ोतरी को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से की गई टिप्पणियों पर कांग्रेस ने करारा जबाव देते हुए सवाल किया है कि क्या सीमेंट के दामों में की गई बढ़ोतरी जायज है।उन्होंने कहा कि जिस तरह की बयानबाजी भाजपा पदाधिकारियों ने की है, उससे स्पष्ट हो रहा है कि भाजपा नेता सीमेंट के बढ़े दामों से फूले नहीं समा रहे हैं तथा जनता को दुखी व परेशान देखकर प्रफुल्लित हो रहे हैं।

जारी संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में जिला कांग्रेस पंचायती राज विभाग के अध्यक्ष लेखराज ठाकुर, जिला इंटक अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, टौणीदेवी ब्लाक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुशील पठानिया व युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सुमेश ऊर्फ सुम्मी आदि पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के चेयरमैन अभिषेक राणा ने जनहित का मुद्दा बिना किसी स्वार्थ के उठाया है जिससे हर व्यक्ति जुड़ा है लेकिन सुजानपुर व जिला पदाधिकारियों को यह भी रास नहीं आ रहा है।उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि भाजपा पदाधिकारियों की बयानबाजी से साफ हो गया है कि इन्हें सीमेंट के दामों में हुई बढ़ोतरी अच्छी लग रही है तथा जनता से कोई मतलब नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के लिए भी कांग्रेस को हमेशा कोसती है और अब सत्ता में रहकर भी कांग्रेस पार्टी पर ही अपने गलत निर्णयों का ठीकरा फोड़ रही है।कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा नेताओं को अगर फिक्र है तो जनता से जुड़े मसलों पर कांग्रेस को कोसने की बजाय प्रदेश सरकार को जगाएं तथा सीमेंट के दामों पर भी स्थिति स्पष्ट करें कि कब तक सीमेंट के दाम कम होंगे। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, रसोई गैस व सब्जियों के दामों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी के साथ सीमेंट के दामों में बेतहाशा वृद्धि ने आम व मध्यम वर्ग का जीना दुश्वार कर दिया है लेकिन भाजपा पदाधिकारियों को इससे कोई मतलब नहीं है।

यही कारण है कि अपनी स्वार्थसिद्धि के चलते सरकार के गलत व जनविरोधी निर्णयों पर भी सरकार की हां में हां मिलाते हुए चापलूसी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पदाधिकारी याद रखें कि जनता समझदार है और अपना हित व अहित बखूबी समझती है। उन्होंने कहा कि पहले भी सुजानपुर की जनता ने भाजपा पदाधिकारियों की जमीन पर न देखने की काबिलियत पर ही धूल चटाई थी और अब दोबारा इन नौसिखियों की अक्ल ठिकाने लगाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

kirti