रणीधीर शर्मा बोले-हिमाचल में BJP पूरी तरह से एकजुट, सरकार गिराने के सपने देख रही कांग्रेस

punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2020 - 05:57 PM (IST)

मंडी (ब्यूरो): कांग्रेस पार्टी के नेता संकट काल में भी सेवा की बजाय झूठे आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने में लगे हैं। अधिकांश कांग्रेसी नेता बौखलाहट में हैं और अपनी भूमिका भुलाकर केवल राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं। प्रदेश में भाजपा पूरी तरह से एकजुट है और कांग्रेस को मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखने की आदत पड़ चुकी है तथा यही कारण है कि कांग्रेसी सरकार के गिरने का इंतजार कर रहे हैं। यह बात हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का अढ़ाई वर्षों का कार्यकाल विकास की गाथाओं से भरा हुआ है। प्रदेश में सरकार और संगठन सही तालमेल के साथ कार्य कर रहे हैं लेकिन विपक्ष को दिन में सपने देखने की आदत पड़ चुकी है। प्रदेश भाजपा में कोई अंतर्कलह नहीं और यहां पूरी एकता के साथ काम हो रहा है। बड़े परिवारों में छिटपुट विवाद होता रहता है लेकिन जिस विवाद की इस वक्त चर्चा हो रही है उसे पार्टी ने पूरी तरह से सुलझा लिया है।

उन्होंनेे केंद्र सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल बेमिसाल रहा है। इस एक वर्ष के कार्यकाल में सरकार ने विकास के अथाह कार्य किए हैं लेकिन विपक्ष को यह काम रास नहीं आ रहे हैं। राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370, 35ए हटाना, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जैसे 2 केंद्र शासित प्रदेश बनाना, तीन तलाक का कानून बनाकर मुस्लिम महिलाओं को राहत दिलाना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज, करतारपुर कॉरिडोर का मामला सुलझाना और चीफ  ऑफ  डिफैंस का पद बनाना केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं।

उन्होंने कहा कि कोरोना के इस दौर में भी केंद्र सरकार ने समाज के हर वर्ग को राहत पहुंचाई है। श्रमिक एक्सपै्रस चलाकर 52 लाख से अधिक मजदूरों को उनके घर तक पहुंचाया लेकिन कोरोना के इस काल में भी विपक्ष सरकार की आलोचना कर राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगा हुआ है। इस मौके पर उनके साथ सुंदरनगर के विधायक एवं पार्टी के महासचिव राकेश जम्वाल, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, मंडी जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह, सुंदरनगर के अध्यक्ष दलीप सिंह ठाकुर और महिला मोर्चा की जिलाध्यक्षा सुमन ठाकुर सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News