BJP नेता बोले-मनकोटिया के आरोप सत्य, त्याग पत्र दें मुख्यमंत्री

Sunday, Jul 09, 2017 - 08:17 PM (IST)

देहरा: विधायक ठाकुर रविंद्र सिंह रवि ने प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष विजय सिंह मनकोटिया द्वारा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ लगाए आरोपों को सत्य बताते हुए कहा कि उन्हें अपने बयान पर अडिग रह कर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज को और बुलंद करना होगा। उन्होंने कांगे्रस पार्टी के ही नेता द्वारा मुख्यमंत्री पर कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगने पर उनसे तुरंत पद से त्याग पत्र देने की मांग की। उन्होंने कहा कि महज मनकोटिया के आरोपों को दरकिनार करने से उन पर लगे कथित भ्रष्टाचार के आरोप मिथ्या साबित नहीं हो जाते। उन्होंने मुख्यमंत्री पर प्रदेश में कर्ज लेने की प्रथा शुरू करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में मौजूद संसाधनों का दोहन करने के बजाय कर्ज पर कर्ज लेकर प्रदेश की आर्थिक स्थिति को बदहाल कर दिया है, जिससे उभर पाना आसान नहीं होगा। 

कांगड़ा में प्रस्तावित सी.यू. भाजपा के संघर्ष की जीत
जिला कांगड़ा के लिए प्रस्तावित केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण को लेकर कांग्रेस नेताओं के बयान पर प्रहार करते हुए उन्होंने इसे भाजपा के संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के साढ़े 4 वर्षों के दौरान कोई भी कांग्रेसी नेता प्रदेश सरकार के समक्ष देहरा में सी.यू. के निर्माण की पैरवी की हिम्मत नहीं जुटा पाया लेकिन अब जब भाजपा के प्रयासों से देहरा में विकास का नया अध्याय जुडऩे वाला है तो कांग्रेस नेता सी.यू. के पक्ष में बयानबाजी कर रहे हैं। 

देहरा में सी.यू. के शिलान्यास की संभावना प्रबल 
उन्होंने कहा कि 10 जुलाई से देहरा में सी.यू. के लिए चयनित भूमि की निशानदेही के उपरांत अगस्त माह में इसके शिलान्यास की संभावना और प्रबल हुई है, जिससे देहरा क्षेत्र में विकास की नई परिभाषा लिखी जाएगी। इस अवसर पर उनके साथ अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कै. धनी राम, जिला महासचिव निर्मल सिंह, मंडल अध्यक्ष सर्वदर्शन शर्मा व हरबंस लाल भी उपस्थित थे।