हिमाचल प्रदेश में भाजपा को दो तिहाई बहुमत मिलने का अनुमान

Thursday, Dec 14, 2017 - 07:25 PM (IST)

नई दिल्ली/शिमला: विभिन्न मतदान पश्चात सर्वेक्षणों में हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दो तिहाई से अधिक बहुमत से जीत मिलने और सत्तारूढ़ कांग्रेस को भारी नुकसान का अनुमान व्यक्त किया गया है। 


चुनावी सर्वेक्षणों में वास्तविकता के निकट माने जाने वाले टुडेज चाणक्य ने कुल 68 सीटों वाली हिमाचल प्रदेश विधानसभा में भाजपा को सात सीटों की घट बढ़ के साथ 55 सीटें मिलने, कांग्रेस को सात सीटों की घट बढ़ के साथ 13 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। अन्य दलों को तीन सीटें तक मिल सकतीं हैं। इंडिया टुडे एक्सिस के सर्वेक्षण में भाजपा को 47 से 55 सीटें, कांग्रेस को 13 से 20 सीटें और अन्य को अधिकतम दो सीटों के मिलने का दावा किया गया है। 


न्यूज नेशन चैनल के सर्वेक्षण में भाजपा को 43 से 47, कांग्रेस को 19 से 23 सीटें तथा अन्य दलों को एक से तीन सीटें मिलने की बात कही गई है। टुडेज चाणक्य के अनुसार हिमाचल प्रदेश में भाजपा को तीन प्रतिशत की घट बढ़ के साथ 51 प्रतिशत तथा कांग्रेस को भी इतनी ही घट बढ़ के साथ 38 प्रतिशत वोट मिलने की उम्मीद है जबकि अन्य दलों को 11 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है।