पूर्व मंत्री बोले : नगर निगम चुनाव में भाजपा को देना होगा धर्मशाला की अनदेखी का हिसाब

Friday, Mar 12, 2021 - 07:26 PM (IST)

धर्मशाला (सौरभ): पूर्व शहरी विकास मंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने कहा है कि नगर निगम चुनावों में भाजपा को धर्मशाला की अनदेखी का हिसाब देना होगा। सुधीर ने सवाल उठाया कि नगर निगम चुनाव से ठीक पहले ऐसा क्या हो गया, जो करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं की सौगात देकर भाजपा सरकार धर्मशाला पर इतनी मेहरबान हो रही है? पूर्व मंत्री ने कहा कि धर्मशाला में स्मार्ट सिटी व नगर निगम पूर्व कांग्रेस सरकार की देन हैं। लेकिन 2017 के बाद धर्मशाला में विकास की गंगा उल्टी बहने लगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार का हाल ‘थोथा चना बाजे घना’ जैसा है व नगर निगम चुनाव से पहले धर्मशाला पर इस मेहरबानी का कारण जनता खूब समझती है। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि धर्मशाला विधानसभा के लिए भाजपा सरकार का रवैया शुरू से ही उदासीन रहा है। कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुए विकास कार्य 3 साल बाद भी अधर में हैं। सुधीर ने कहा कि भाजपा सरकार आते ही क्षेत्र के विकास कार्यों को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया और धर्मशाला मात्र भाजपा के बड़े नेताओं को खुश करने के लिए कार्यक्रम स्थल बन कर रह गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार धर्मशाला को दूसरी राजधानी, केंद्रीय विश्वविद्यालय, आई.टी. पार्क, प्रदेश फुटबाल अकादमी और धर्मशाला बस अड्डे के निर्माण को लेकर स्थिति स्पष्ट करे।

News Editor

Sourabh