BJP ने कांग्रेस कार्यकाल के कर्मचारी को किया चयन आयोग का अध्यक्ष नियुक्त

Sunday, Feb 11, 2018 - 09:36 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के अध्यक्ष पद पर सरकार की तरफ से की गई नियुक्ति ने सबको चौंकाकर रख दिया है। इस पद पर कांग्रेस कार्यकाल में आयोग के सदस्य नियुक्त किए गए ब्रिगेडियर सतीश कुमार को वर्तमान भाजपा सरकार ने अध्यक्ष नियुक्त किया है। हालांकि ब्रिगेडियर सतीश कुमार को उनके अनुभव एवं योग्यता को ध्यान में रखते हुए सदस्य से अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, लेकिन उनकी तैनाती विरोधी खेमे के साथ सत्ता पक्ष से जुड़े कुछ लोगों के लिए चौंकाने वाली है। वे कांग्रेस नेता के करीबी रिश्तेदार भी हैं। सरकार की तरफ से इस नियुक्ति को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर करने वाला बताया गया है, जिसमें योग्यता एवं अनुभव को ध्यान में रखा गया है। उनकी नियुक्ति संबंधी अधिसूचना मुख्य सचिव विनीत कुमार की तरफ से जारी कर दी गई है। 


आयोग में अध्यक्ष पद के अलावा डा. संजय ठाकुर को सदस्य के रूप में भी नियुक्ति करने संबंधी अधिसूचना भी सरकार की तरफ से जारी की गई है। संघ की पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाले शिक्षाविद् डा. संजय ठाकुर बीएससी बॉटनी है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ वे संघ की पृष्ठभूमि से संबंध रखते हैं। मंडी जिला के सलापड़ से संबंध रखने वाले डा. ठाकुर ने करीब 14 साल मध्यप्रदेश में अपनी सेवाएं दी हैं।  जनजातीय क्षेत्र में उनको कार्य करने का अनुभव है तथा वे भाजपा कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री भी रहे हैं।