''धूमल की बदौलत सत्तासीन हुई है भाजपा''

Saturday, Jun 30, 2018 - 11:37 AM (IST)

बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश राज्य भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के राज्य महामंत्री राम सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल पर बदले की भावना और राजनीतिक आधार पर बनाए गए केस को वापस लिए जाने के प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि वास्तव में राजनीतिक शत्रुता के चलते विरोधियों को झूठे मुकद्दमों में उलझाना और बेवजह तंग व परेशान करना पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पुरानी नीति अथवा आदत रही है। उसी का परिणाम था कि वीरभद्र सिंह द्वारा प्रो. धूमल के विरुद्ध झूठे केस बनाने के लिए शासन-सत्ता का डटकर दुरुपयोग किया गया। राम सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनावों में भी कुछ सत्ताधारी और सत्ता से बाहर के कुछ विरोधी नेताओं ने मिलकर गहरे षड्यंत्र के अधीन प्रो. धूमल को हराने के लिए नैतिकता और सिद्धांत को दरकिनार करके एकजुटता दिखाई थी ताकि उनके प्रदेश में बढ़ते कदमों और लोकप्रियता को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को सत्ता में लाने के लिए प्रो. धूमल ने पिछले 5 वर्ष दिन-रात काम किया और सारा समय जनता के बीच में ही गुजारा। 

kirti