मंत्री राजीव सहजल को भगौड़ा कहने पर बिफरी BJP, कांग्रेस को दी ये चेतावनी

Saturday, Nov 03, 2018 - 11:03 PM (IST)

सोलन: सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल को भगौड़ा कहने पर भाजपा बिफर गई है। इस मामले में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल सिंह से 2 दिन में माफी मांगने को कहा है, साथ ही मामले में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। सोलन विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे डा. राजेश कश्यप व मंडलाध्यक्ष रवींद्र परिहार ने कांग्रेस द्वारा प्रैस वार्ता में मंत्री के खिलाफ की गई बयानबाजी की कड़ी निंदा की है।

बच्चे की हत्या मामले में चक्का जाम कर परेशानी में डाले लोग
उन्होंने कहा कि बच्चे के हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था लेकिन कांग्रेस ने इस मामले में शहर में चक्का जाम कर लोगों को परेशानी में डाला। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं को मंत्री को लेकर की गई बयानबाजी के दौरान सभ्य भाषा प्रयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष को हद में रहना चाहिए और 2 दिन के भीतर वह शब्द वापस लेकर माफी मांगें अन्यथा भाजपा कानूनी कारवाई करने पर मजबूर हो जाएगी।

कांग्रेस ने रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में भी की राजनीति
उन्होंने कहा कि मंत्री रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे लेकिन कांग्रेस ने इस मुद्दे में भी राजनीति की और लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया। पुराने जिलाधीश चौक पर हुई हाथापाई में भाजपा व ए.बी.वी.पी. का कोई रोल नहीं है।

Vijay