विधानसभा में हुए हंगामे पर तल्ख हुई भाजपा, भाजपा प्रवक्ता ने नेता विपक्ष पर ली चुटकी

Monday, Mar 01, 2021 - 01:35 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : विधानसभा सत्र के पहले ही दिन हुई हंगामे को लेकर भाजपा विपक्ष पर तल्ख हो गई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने विपक्ष के विधायकों पर जमकर निशाना साधा और नेता विपक्ष पर तीखी टिप्पणी की है। राम कुमार ने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री ने तो अपने घर के बुजुर्गों का सम्मान नहीं किया तो उनसे प्रदेश के प्रथम नागरिक राज्यपाल के सम्मान की आशा करना बेमानी होगा। वहीं नेता विपक्ष द्वारा सीएम के आदेश पर भाजपा द्वारा गुंडागर्दी के बयान पर पलटवार करते हुए राम कुमार ने आरोपों को निराधार बताया। 

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने ऊना में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए विपक्ष को आड़े हाथ लिया। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों द्वारा जिस तरह से व्यवहार किया गया है उससे प्रदेश का नाम देशभर में बदनाम हुआ है। उन्होंने कहा कि महामहिम राज्यपाल प्रदेश के प्रथम नागरिक होते है और उनके साथ किया गया ऐसा व्यवहार देश में आज तक कभी नहीं हुआ। राम कुमार ने कहा कि राज्यपाल एक बुजुर्ग भी है इस नाते ही कांग्रेस के विधायकों को ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष ने तो अपने घर में बुजुर्गों का ध्यान नहीं रखा क्योंकि 2003 में जब मुकेश अग्निहोत्री अपने पिता को कांग्रेस टिकट की पैरवी करने गए थे तो खुद टिकट लेकर आ गए थे। भाजपा प्रवक्ता ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जब गवर्नर वापिस जा रहे थे उस समय प्रोटोकॉल के तहत ही भाजपा के नेता मौजूद थे अगर सीएम का इसमें हाथ होता तो भाजपा के विधायक भी साथ होते।
 

Content Writer

prashant sharma