कांग्रेस की गुटबाजी से कोई लेना-देना नहीं, विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी भाजपा : जयराम

Wednesday, May 01, 2019 - 04:42 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को जिला बिलासपुर के श्री नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खारसी में भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। मुख्यमंत्री के खारसी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा के प्रदेश  मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा भी मौजूद रहे।

किसानों को करनी होगी ज्यादा मेहनत, दोनों ही फसलों की करें चिंता

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने किसानों का आह्वान किया कि अबकी बार मेहनत ज्यादा करनी होगी क्योंकि फसलों की कटाई का समय है। उन्होंने कहा कि किसान दोनों ही तरह की फसलों की चिंता करें। एक अपनी फसलों की और दूसरी जो लोकसभा चुनावों में उनकी फसल है उसकी भी चिंता करें। उन्होंने कहा कि किसान दोनों ही फसलों को उचित समय देंगे ताकि अच्छे उम्मीदवारों का चयन हो सके और देश उन्नति के पथ पर अग्रसर हो।

विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ने जा रही भाजपा

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ने जा रही है और कांग्रेस की गुटबाजी से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है। वहीं रणधीर शर्मा ने भी अपने संबोधन के दौरान केंद्र सरकार की और हिमाचल प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और अनुराग ठाकुर के पक्ष में मतदान करने के लिए लोगों का आह्वान किया।

Vijay