मिशन 2019 को लेकर BJP की मंत्रणा, सत्ती ने पदाधिकारियों को दिए दिशा निर्देश

Sunday, Apr 22, 2018 - 03:10 PM (IST)

ऊना (अमित): लोकसभा चुनावों के लिए ऊना भाजपा ने कमर कस ली है। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के थानाकलां में हुई जिला भाजपा की बैठक में मिशन 2019 को लेकर मंत्रणा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बलबीर बग्गा ने की, जबकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर सहित भाजपा विधायक और पदाधिकरी उपस्थित रहे। इसमें संगठन के कार्यक्रमों की समीक्षा, केन्द्रीय योजनाओं से लाभार्थी, सांसदों के विकास कार्यों, प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों सहित अन्यों पर चर्चा की गई। 


बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राज्य भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि लोकसभा चुनाव अब हम सब का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिशन को हमें रिपीट करना है। इसके लिए हिमाचल की चारों लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार हिमाचल को पूर्ण सहयोग कर रही है और नई योजनाएं आ रही हैं, जो योजनाएं पूर्व में आई थी उन पर काम तेजी से हो रहा है। 


कैबिनेट मंत्री कंवर ने कहा कि इस बार फिर भाजपा प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करके केंद्र में भाजपा को मजबूती देगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारें काम कर रही है, जिससे हिमाचल में अथाह विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक अहम बैठक है जिसमें लोकसभा चुनावों की रुपरेखा तैयार होगी। 
 

Ekta