जिला परिषद से शुरू हुआ भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप का सियासी सफर

Sunday, Sep 29, 2019 - 10:38 PM (IST)

नाहन: भाजपा ने पच्छाद उपचुनाव में एक बार फिर नए चेहरे पर दांव खेला है। गिरीपार क्षेत्र की युवा नेत्री 34 वर्षीय रीना कश्यप को मैदान में उतारकर भाजपा ने युवा वोटरों को रिझाने की कवायद भी की है। कॉलेज में पढ़ाई के दिनों में रीना कश्यप अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से बतौर सदस्य जुड़ी रहीं। इस बीच संगठन का कोई चुनाव नहीं लड़ा। मिलनसार व मृदुभाषी रीना सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती हैं।

रीना कश्यप का राजनीतिक सफर

भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से लोक प्रशासन विषय में एमए किया है। उन्होंने वर्ष 2006 में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। वर्ष 2010 में उन्होंने राजगढ़ क्षेत्र के शिलांजी वार्ड से जिला परिषद की सदस्य चुनी गईं। इस समय वह वर्तमान में भाजपा महिला मोर्चा के आईटी सैल की प्र्रदेश सह संयोजक हैं।

पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरूंगी

भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप ने कहा कि भाजपा ने पहली बार पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से महिला उम्मीदवार को टिकट देकर मुझमें विश्वास जताया है। मैं पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरूंगी। संगठन में पहले ही तय था कि आलाकमान जिसे भी टिकट देगा, सभी नेता व कार्यकर्ता उसके साथ चलेंगे। पार्टी चुनाव के लिए एकजुट है। सभी नेताओं का आशीर्वाद व सहयोग मेरी जीत की राह आसान करेगा।

Vijay