कांग्रेस को इन चुनावों में भी मुंह की खानी पड़ेगा:किशन कपूर

Saturday, May 18, 2019 - 12:37 PM (IST)

नगरोटा बगवां (जिनेश): कांगड़ा-चम्बा के भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को नगरोटा बगवां विस क्षेत्र के बलोल, जसाई देहरी व लूहना मंजरेला में आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस व गठबंधन दलों को जमकर कोसा। कपूर ने कहा कि एक माह तक चले इस प्रचार में भाजपा को सभी ओर से पूर्ण जनसमर्थन मिला है जिससे साफ है कि केंद्र एक बार फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा को प्रचंड बहुमत प्राप्त होगा।

देश को कमजोर करने में लगी कांग्रेस को इन चुनावों में भी मुंह की खानी पड़ेगी। लोकसभा का चुनाव सिर्फ चुनाव नहीं है यह भारत में एक परिवर्तन लाने की लहर है। यह चुनाव भाजपा की ईमानदार सरकार व 60 वर्षों तक कुशासन देने वाली कांग्रेस व घोटालों के गठबंधन के बीच है। उन्होंने कहा कि देश को केंद्र में एक मजबूत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में मिले हैं जिन्होंने पिछले 5 सालों में हर स्तर पर देश को ऊपर उठाया है। बात चाहे देश की रक्षा की हो या फिर गरीब लोगों की आर्थिकी को मजबूत करने की, मोदी ने सभी वर्गों को पूरा न्याय देने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पिछले 60 सालों मे कई बड़े-बड़े घोटाले हुए, जबकि मोदी के पिछले 5 सालों में एक भी घोटाला नहीं हुआ। कपूर ने कहा कि कांग्रेस यू.पी.ए. सरकार के अंतिम 5 वर्षों में भ्रष्टाचार के नित नए मामले उजागर रहने से देश की जनता को घोर निराशा हुई थी। टू-जी घोटाला, कोयला घोटाला, कॉमनवैल्थ घोटाला जैसे अनेक घोटालों ने देश की अर्थव्यवस्था में दीमक लगा दी थी और यू.पी.ए. सरकार तो जैसे घोटालों और भ्रष्टाचार का पर्याय ही बन गई थी। कांग्रेस ने लोगों को स्वार्थी बना दिया। पूरे विश्व को एक मंच पर खड़ा करने का श्रेय भी नरेंद्र मोदी को ही जाता है। कपूर ने कहा राजनीति में ऐसे भी परिवार हैं जो सत्ता सुख के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं। इस मौके पर स्थानीय विधायक अरुण कुमार मेहरा सहित व मंडल अध्यक्ष नरेश बरमाणी सहित भाजपा के कई कार्यकत्र्ता मौजूद थे।

kirti