शिलाई में भाजपा ने फूंका कांग्रेस विधायकों का पुतला

Saturday, Feb 27, 2021 - 04:21 PM (IST)

पांवटा साहिब (ब्यूरो): विधानसभा में घटी घटना के खिलाफ शनिवार को भाजपा ने प्रदेश भर में विरोध किया है। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद व उनके सुरक्षा कर्मियों के साथ धक्कामुक्की करने पर भाजपा शिलाई मंडल ने कांग्रेस विधायकों का पुतला फूंका। भाजपा युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी कुलदीप शर्मा ने कहा कि विपक्षी विधायकों द्वारा विधानसभा में जिस प्रकार का असंवैधानिक कार्य किया है उससे पूरा प्रदेश लज्जित हुआ है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेब तोमर ने कहा कि विधानसभा में जो अराजकता विपक्षी विधायकों ने फैलाई है वह हिमाचल जैसे शांतप्रिय प्रदेश के लिए चिंता का विषय हैं। कांग्रेस के पास न नीति है और न ही नीयत। कांग्रेस के विधायक अपने क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करवाने में असफल हो रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा शिलाई मंडल ने दोषी विधायकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस अवसर पर बंसल चौहान पूर्व बीडीसी अध्यक्ष, राजेन्द्र तोमर, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्यामा चौहान, मंडल कार्यालय सचिव देवेंद्र तोमर, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष अतर चौहान, भाजयुमो जिला सचिव संजय तोमर, जगत नेगी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, अनिल चौहान प्रधान, सोहन सिंह चौहान भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष व बहादुर सिंह वर्मा मौजूद थे।

Content Writer

Vijay