गुड़िया मामले पर भाजपा ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला, SDM को ज्ञापन सौंप की यह मांग

Saturday, Sep 02, 2017 - 12:53 AM (IST)

बड़सर: भाजपा मंडल बड़सर ने गुड़िया मामले पर भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक बलदेव शर्मा की अगुवाई में गारली बाजार में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पुतला फूंका तथा प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान एस.डी.एम. बड़सर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन देकर मुख्यमंत्री को बर्खास्त करने की मांग की गई। विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ  जमकर नारेबाजी की, जिससे बाजार में कुछ देर के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि जब से कांग्रेस सत्ता में आई है, प्रदेश में अराजकता और भय का माहौल बना हुआ है। राज्य में आए दिन बलात्कार व हत्याएं हो रही हैं। 

गुड़िया के दोषियों को बचाने में लगीं पुलिस व सरकार
शिमला में गुड़िया से बलात्कार व हत्या के दोषियों को पुलिस व सरकार बचाने में लगी हैं। जनता की सुरक्षा को तैनात पुलिस आरोपियों के साथ खड़ी हो गई है। इस घटना से मुख्यमंत्री का चेहरा बेनकाब हुआ है। इससे पहले शिमला में पेयजल टैंक में मासूम का शव मिला। जिला मंडी में वन रक्षक होशियार सिंह की हत्या के बाद शव पेड़ पर लटका दिया गया। उन्होंने कहा कि बड़सर विस क्षेत्र में कांग्रेस सरकार बनते ही युवक की हत्या हो गई थी लेकिन आज दिन तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। दियोटसिद्ध में करोड़ों रुपए की फिरौती की राशि पकड़ी गई थी। इनके तार भी कांग्रेस नेताओं से जुड़े निकले हैं।