अग्निहोत्री की भाषा पर BJP आक्रोशित, बोली- आगामी चुनावों में चुकानी पड़ेगी कीमत

Wednesday, Jul 11, 2018 - 02:36 PM (IST)

मंडी (पुरुषोत्तम): कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री की भाषा पर भाजपा आक्रोशित हो गई है। मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक कर्नल इंद्र सिंह ठाकुर, राकेश जम्वाल, जवाहर ठाकुर, हीरा लाल और विनोद कुमार ने प्रैस को जारी बयान में कहा कि छोटी काशी मंडी में कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक दल के नेता ने जिन शब्दों का इस्तेमाल मुख्यमंत्री के लिए किया वह अति निंदनीय है और इसका खमियाजा उन्हें भुगतना ही होगा। देवभूमि व छोटी काशी में आकर उन्होंने जो कहा वह शर्मनाक है और उनकी यह ओछी हरकत है। हिमाचल की जनता कांग्रेस पार्टी की संस्कृति को भली-भांति जानती है और लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को पुन: इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। 


मुख्यमंत्री का 6 माह का कार्यकाल और कांग्रेस के 5 साल के कार्यकाल में विकास को लेकर खुली चर्चा मुकेश करें ताकि उनकी मनोवैज्ञानिक स्थिति जहां ठीक होगी। वही उन्हें अपने उन शब्दों का भी पता चलेगा जो मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ कहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल के लिए 4500 करोड़ रुपए का पर्यटन, बागवानी, पेयजल व सिंचाई और अन्य क्षेत्रों को विकसित करने के पैकेज लाया तथा तमाम बड़ी परियोजनाओं की डी.पी.आर. भी तैयार करके उनके निर्माण को आगे बढ़ाया है। 

उन्होंने वन मंत्री गोविंद ठाकुर और विश्वभर में भारत का नाम रोशन करने वाले ग्रेट खली के प्रति जिन शब्दों का इस्तेमाल किया उससे पता चलता है कि अग्निहोत्री अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं और कांग्रेस पार्टी की क्या संस्कृति रही है उसे उजागर किया है। खली ने हिमाचल में अपना रैसलिंग खेल आयोजित कर हिमाचल को विश्व के मानचित्र में लाए हैं और इससे कांग्रेस पार्टी को क्या आपत्ति हुई यह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 5 बार चुनाव जीत चुके हैं। वह प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं और मंत्री पद पर रहते हुए हिमाचल के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है। 

Ekta