बिना नाम लिए वीरभद्र पर बरसे जेटली, कहा भ्रष्टाचार के पुख्ता सुबूत

Friday, Jan 20, 2017 - 03:16 PM (IST)

शाहपुर (जिनेश कुमार) : केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बिना नाम लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर जोरदार हमला बोला। शाहपुर में भाजपा के त्रिदेव सम्मेलन में भाग लेने के लिए आए अरुण जेटली ने कहा कि भ्रष्टाचार के पुख्ता सुबूत मौजूद हैं। प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार के मामले दिल्ली तक पहुंच गए हैं। पूरे देश में सिर्फ हिमाचल प्रदेश की इस बात का इकलौता उदाहरण है बाकि कहीं भी ऐसा नहीं देखा गया है। जेटली ने कहा कि वे खुद फर्जी खाते खोलते हैं, पैसा जमा कराते हैं और इल्जाम दिल्ली पर लगा देते हैं। बिना वीरभद्र सिंह का नाम लिए, केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि यह मामला 2011 का है जब यूपीए की सरकार थी।

क्लीन स्वीप को मिशन बनाएं
अरुण जेटली ने त्रिदेव सम्मेलन में भाजपा के बूथ पालकों को चुनावी टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पीएम नरेंद्र मोदी का संदेश घर-घर तक पहुंचाना चाहिए। केंंद्र सरकार ने ओआरओपी दिया, जोकि एक बड़ी उपलब्धि है। केंद्र सरकार लगातार जनहित में फैसले ले रही है। इसलिए कार्यकर्ता हिमाचल प्रदेश में क्लीन स्वीप करने का लक्ष्य बनाएं और यह सिर्फ एक बार नहीं बल्कि बार-बार दोहराया जाना चाहिए।

कांग्रेस की अंतर्कलह पर ली चुटकी
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने प्रदेश में कांग्रेस की अतंर्कलह पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि हिमाचल के मंत्री कुर्सी के लिए लड़ रहे हैं। कभी मंच पर मंत्रियों को कुर्सी नहीं मिलती तो भी वो आपस में भिड़ जाते हैं।