शिव की नगरी से शुरू होगी BJP की परिवर्तन यात्रा, केंद्रीय आयुष मंत्री देंगे हरी झंडी

Saturday, Jun 17, 2017 - 12:50 AM (IST)

पालमपुर/धर्मशाला: प्रदेश में सत्ता परिवर्तन को लेकर भाजपा द्वारा चारों संसदीय क्षेत्रों में परिवर्तन रथ यात्राएं आरंभ की जा रही हैं। शिव की नगरी बैजनाथ से आरंभ होने वाली भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा को 18 जून को केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नायक झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी कड़ी में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत 972 किलोमीटर लंबी पदयात्रा आयोजित की जानी प्रस्तावित है। बैजनाथ से आरंभ होकर यह पदयात्रा भरमौर तक आयोजित की जाएगी। इस यात्रा के सूत्रधार कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार होंगे जबकि यात्रा प्रभारी के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद कृपाल परमार उनके साथ रहेंगे। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हिमांशु मिश्रा व भारतीय जनता पार्टी संठनात्मक जिला पालमपुर अध्यक्ष विनय शर्मा ने दी।



पालमपुर में प्रबुद्धजन सम्मेलन को करेंगे संबोधित
इसके अलावा केंद्रीय आयुष मंत्री पालमपुर में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। 17 जून को कायाकल्प परिसर में प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इस दौरान विवेकानंद चिकित्सा एवं शोध न्यास के अध्यक्ष एवं सांसद शांता कुमार भी उनके साथ रहेंगे। वहीं भाजपा मंडल बैजनाथ, भारतीय जनता पार्टी जोन चचियां, महिला मोर्चा, भाजपा मंडल कांगड़ा व भाजपा मंडल जयसिंहपुर ने पदाधिकारियों को रथ यात्रा को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंपी।