क्लेश यात्रा बनकर रह गई भाजपा की रथ यात्रा : कांग्रेस

Friday, Jun 30, 2017 - 01:24 AM (IST)

इंदौरा (आशीष शर्मा): इंदौरा विधानसभा की घगवां पंचायत में कांग्रेस की मासिक बैठक में संगठनात्मक जिला नूरपुर अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानियां व प्रभारी सुशील शर्मा ने भाजपा की रथ यात्रा को क्लेश यात्रा की संज्ञा दी है। उन्होंने कहा कि जिस रथ यात्रा से भाजपा परिवर्तन की बात कर रही है वह परिवर्तन लाएगी या नहीं यह तो बाद की बात है किंतु रथ यात्रा के दौरान रोज-रोज हो रही कलह के चलते यह यात्रा क्लेश यात्रा बन कर ही रह गई है। इंदौरा मंडल कांग्रेस ने दावा किया है कि इंदौरा में भी रथ यात्रा के दौरान भाजपा की आपसी कलह होगी भाजपा अगर चाहे तो इसे रोक ले।

भाजपा की रथ यात्रा 2 ग्रुपों की लड़ाई
इंदौरा मंडल कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश कटोच ने कहा कि प्रदेश में रथ यात्रा भाजपा के ही 2 ग्रुपों की लड़ाई है। जिस रथ का सारथी ही एक न हो उसका हश्र भी खराब ही होगा। संगठनात्मक जिला नूरपुर अध्यक्ष ने विधायक मनोहर को मतलबप्रस्त बताते हुआ कहा कि अपने मतलब के लिए ही वह एसोशिएट बने और विकास भी अपने चन्द चहेतों का ही करवाया है। विधानसभा के जो भी सभी बड़े विकास कार्य हुए वे मुख्यमंत्री की ही देन हैं।

भाजपा नेताओं में कांग्रेस की बड़ी योजनाओं का श्रेय लेने की होड़ 
उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस द्वारा चलाई गई कई बड़ी योजनाओं पर वर्षों से कार्य जारी  होते हैं, जिनमें से कुछेक के पूरे हो जाने पर केंद्र के भाजपा नेता मात्र उनका उद्घाटन कर श्रेय लेने की होड़ में रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मात्र घोषणाओं की ही सरकार है। हिमाचल के आगामी चुनावों में फिर से कांग्रेस की ही सरकार होगी। जो भी प्रत्याशी कांग्रेस द्वारा इंदौरा विधानसभा के लिए पार्टी हाईकमान देगी उसे मंडल कांग्रेस एकजुटता से जीता कर ही रहेगी।