PICS : भाजपा का ‘यह’ अभियान पहुंचा कुल्लू, कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे धूमल

Wednesday, Feb 22, 2017 - 07:06 PM (IST)

कुल्लू (मनमिंदर अरोड़ा): भाजपा ने आज माफिया राज हटाओ, हिमाचल बचाओ का नारा देते हुए कुल्लू में अपनी दूसरी रैली की। इसके बाद कुल्लू के ढालपुर मैदान में जनसभा का आयोजन भी किया गया, जिसमें जिलाभर के भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने भाग लिया। जनसभा में जहां नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूूमल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा तो वहीं कई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत दिग्गज नेताओं ने कांगे्रस की भ्रष्ट नीतियों का आमजन में बखान किया।

कांग्रेस के शासनकाल में सभी विकास कार्य ठप्प
नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि आज प्रदेश की स्थिति बिगड़ी हुई है। सभी विकास कार्य ठप्प पड़े हुए हैं और हर तरफ माफिया राज है। कांग्रेस के शासनकाल में सभी विकास कार्य ठप्प पड़े हुए हैं, साथ ही जनसमस्याओं की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यह सब बातें प्रदेश के जन-जन तक पहुंचे इसी के चलते भाजपा प्रदेश में 100 रैलियों का आयोजन कर रही है। 

पंजाब में आने वाला  ड्रग्स मेड इन हिमाचल 
हिमाचल में बढ़ रहे नशे के कारोबार के लिए सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय में पंजाब पुलिस के अधिकारी द्वारा एक हलफनामा पेश कर कहा गया कि पंजाब में आने वाला वालोई ड्रग्स हिमाचल में बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की नशे की दवाइयां हिमाचल में बनाई जा रही हैं तो सरकार को इन्हें बंद करवाना चाहिए। 

मंडल स्तर पर तैयार होगी चार्जशीट  
नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने एक पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि प्रदेश भाजपा द्वारा चार्जशीट तैयार की गई है लेकिन इसके साथ-साथ अब मंडल स्तर पर चार्जशीट तैयार की जाएगी ताकि जो भी कांग्रेसी नेता या कार्यकर्ता भ्रष्टाचार में संलिप्त हो उसके खिलाफ स्थानीय तौर पर चार्जशीट तैयार कर इसे एस.डी.एम. के माध्यम से राज्यपाल को भेजा जाएगा।