बिंदल ने साधा निशाना, बोले-कांग्रेस ने राहुल गांधी से बुलवाया झूठ

Thursday, Oct 12, 2017 - 12:27 AM (IST)

शिमला: भाजपा के प्रमुख प्रवक्ता डा. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया है कि मंडी रैली में कांग्रेस सरकार ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से झूठ बुलवाया। उन्होंने कहा कि रैली में राहुल गांधी ने कहा था कि हिमाचल में बेरोजगारों को भत्ता दिया जा रहा है, जो सरासर झूठ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह स्पष्ट करे कि अब तक कितनी राशि बेरोजगारों को दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की बात प्रमुखता से की थी। प्रदेश में वर्ष 2012 में 12 लाख बेरोजगार थे, जिन्होंने कांग्रेस पार्टी को सत्ता में बिठाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि 12 लाख में से प्रत्येक को 60 हजार रुपए 5 वर्षों में मिलना था। ऐसे में 7,200 करोड़ रुपए बेरोजगारों की जेब में जाना चाहिए था, जो नहीं गया।

बेरोजगार युवाओं के साथ किया भद्दा मजाक  
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बेरोजगार युवाओं के साथ भद्दा मजाक किया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भत्ता देने के नाम पर प्रदेश सरकार ने धोखा किया है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास भत्ते के नाम पर भारी-भरकम लूट की गई। उन्होंने भॢतयों के नाम पर सरेआम धांधलियां करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब वर्ष 2017 में कांग्रेस पार्टी व सरकार मिलकर नया षड्यंत्र रचने जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर बेरोजगारी भत्ते के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाया।