कांग्रेस सरकार पर बरसे बिंदल, कहा-पार्षद की पिटाई से हिमाचल हुआ शर्मसार

Thursday, Jul 06, 2017 - 05:41 PM (IST)

नाहन: वीरवार को जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक डा. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर गुंडागर्दी करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी करना अब कांग्रेस की आदत बन चुकी है। कांग्रेस पार्टी द्वारा खुलेआम जनता के चुने हुए प्रतिनिधि की पिटाई कर दी जाती है, ऐसे में आम आदमी कितना सुरक्षित है, इसका अंदाजा सहज की लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में कांग्रेस के गुंडों द्वारा सरेआम नैशनल हाईवे पर शिमला के नवनिर्वाचित पार्षद की बुरी तरह से पिटाई कर दी गई। इस संदर्भ में पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार तो किया गया लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि पार्षद की पिटाई से हिमाचल शर्मसार हुआ है। 

मुख्यमंत्री के दबाव में काम कर रहा प्रशासन
उन्होंने कहा कि पुलिस व प्रशासन मुख्यमंत्री के दबाव में काम कर रहे हैं। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 2 साल पहले शिमला स्थित भाजपा कार्यालय में वीरभद्र सिंह के बेटे की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं की हड्डियां तोड़ी गईं और एक कार्यकर्ता की आंख तक को सदा के लिए खराब कर दिया लेकिन फिर भी पुलिस द्वारा मुख्यमंत्री के बेटे का नाम तक शामिल नहीं किया जा रहा है।

19 माह तक काल कोठरी बना रहा देश
उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में कांग्रेस द्वारा 1.5 लाख राजनेताओं को जेल में डाल दिया गया था, इस दौरान पूरा देश 19 माह तक काल कोठरी बना रहा। प्रदेश में वर्ष 1998 में नंगी तलवारें घुमाकर किडनैपिंग हुई तो 2 वर्ष पहले भाजपा कार्यालय में सरेआम मारपीट और अब सरेआम जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि की पिटाई कर उसकी इज्जत उतारी गई। उन्होंने कहा कि पार्षद की पिटाई कांग्रेसियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से की गई है। 

कांग्रेस राज में लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश 
उन्होंने कहा कि इससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांग्रेस के राज में धन व बलपूर्वक लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश की जा रही है। गुंडा व माफियाओं का राज पनप रहा है। पार्षद की पिटाई से शिमला ही नहीं सिरमौर के लोगों पर भी अटैक हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले 3 माह बाद सरकार बनाकर कानून द्वारा अपना बदला लेगी और प्रदेश में पनप रहे गुंडाराज को समाप्त करेगी। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष दीन दयाल, विशाल तोमर व राकेश गर्ग आदि उपस्थित रहे।