Bilaspur: अचानक चल पई दोनाली बंदूक, गोली के छर्रे लगने से महिला घायल
punjabkesari.in Friday, Mar 21, 2025 - 04:51 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के गांव निचली दख्यूत में एक दर्दनाक घटना हुई, जिसमें 61 वर्षीय महिला गोली के छर्रे लगने से घायल हो गई। घटना के बारे में जानकारी मिली है कि अभिषेक उर्फ लक्की (40), जो गांव दख्यूत का निवासी है, अपनी घर के पास स्थित जंगल से पैदल गुजर रहा था।
इस दौरान, उसके पास एक भरी हुई दोनाली बंदूक थी। रास्ते में झाड़ियों और पेड़ की बेलों के कारण वह अचानक गिर पड़ा, जिससे उसकी बंदूक से गोली चल गई। जिसके कारण गोली के छर्रे करीब 70-80 नीचे सड़क पर गुजर रही सत्या देवी (61), पत्नी जगत राम को लग गए।
सत्या देवी के दाहिने पैर के घुटने से नीचे के हिस्से में छर्रे लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए रेनबो अस्पताल, घुमारवीं लाया गया। अस्पताल में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना भराड़ी की टीम ने मौके पर पहुंच आगे की जांच शुरू कर दी है।