बस में सवार व्यक्ति से बरामद किया चिट्टा

Wednesday, Dec 11, 2019 - 08:50 PM (IST)

बिलासपुर, (प्रकाश): नशे के खिलाफ छेड़े अभियान और सख्ती के बावजूद यह कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। चिट्टे जैसे नशे को जड़ से खत्म करने में जुटी बिलासपुर पुलिस के हाथ एक उस समय कामयाबी लगी है जब सदर थाना पुलिस की एक टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक बस सवार को मादक पदार्थ चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी से 56 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। आरोपी की पहचान रणधीर राय निवासी जिला बेगूसराय बिहार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस के मुख्य आरक्षी संजीव कुमार, आरक्षी मुनीष कुमार, आरक्षी सुमीत व आरक्षी श्याम लाल ने बुधवार शाम को धर्मशाला-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मंगरोट के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पुलिस ने शिमला से धर्मशाला जा रही एक निजी बस को रोका। बस में यात्रियों व उनके सामान की जांच करते समय बस सवार रणधीर की भी तलाशी ली गई। जिसके पास से पुलिस को 56 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। वहीं जिला पुलिस प्रवक्ता डी.एस.पी. मुख्यालय संजय शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उस पर एन.डी. एंड पी.एस. अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Kuldeep