Watch Video: सरकार बदलते ही बिलासपुर को मिला यह तोहफा, जानने के लिए पढ़ें खबर

Wednesday, Jan 10, 2018 - 11:06 PM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर में महिला थाना खोलने को मंजूरी मिल चुकी है। प्रदेश सरकार ने इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी थी लेकिन इसके बाद प्रदेश में विधानसभा चुनावों के कारण लगी आचार संहिता के कारण मामला अधर में लटक गया था लेकिन अब प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद जिला पुलिस प्रशासन ने इस थाना को खोलने की कवायद शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार महिला पुलिस थाना को लोअर निहाल में खोलने का जिला पुलिस प्रशासन ने निर्णय लिया है तथा इसके लिए एक सरकारी आवास को चयनित कर लिया है।

शिमला सहित इन जिलों खुल चुके हैं महिला पुलिस थाने
 जानकारी के अनुसार महिलाओं के प्रति अपराधों को रोकने और दर्ज मामलों की जांच बेहद संवेदनशीलता के साथ करने के उद्देश्य से प्रदेश में पूर्व में रही सरकार ने राज्य में महिला थाने बनाने की शुरूआत की थी तथा प्रदेश का पहला महिला पुलिस थाना शिमला में बनाया गया था। इसके बाद धर्मशाला व मंडी में महिला पुलिस थाने बनाए गए। इसके बाद कुल्लू और बद्दी में महिला पुलिस थाने खोले गए। इसी कड़ी में अब बिलासपुर में प्रदेश का छठा महिला पुलिस थाना खोला जा रहा है। 

महिला कर्मचारियों का रहेगा स्टाफ 
महिला पुलिस थाने में महिलाओं से संबंधित मामलों की जांच की जाएगी। महिला पुलिस थाना में सारा स्टाफ भी महिला कर्मचारियों का ही रहेगा। महिला पुलिस थाना खुल जाने के बाद महिलाएं इस थाना में अपने साथ होने वाले किसी भी अन्याय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवा सकती हैं। महिला पुलिस थाना खुल जाने के बाद जिला में महिलाओं से संबंधित सारे केसों की तहकीकात महिला थाना ही करता है।

महिला थाना में ये होता है स्टाफ
महिला पुलिस थाना में एक थाना प्रभारी, एक इंस्पैक्टर, 2 सब इंस्पैक्टर, 6 हैड कांस्टेबल और 10 कांस्टेबल तैनात की जाती हैं लेकिन बिलासपुर में फिलहाल कोई भी महिला इंस्पैक्टर नहीं है, जिस कारण यहां पर किसी महिला सब इंस्पैक्टर को ही थाने का प्रभारी बनाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त बिलासपुर में महिला हैड कांस्टेबल भी कम ही हैं, जिस कारण पुलिस प्रशासन ने इस थाने को शुरू करने के लिए फिलहाल 3 महिला हैड कांस्टेबल को तैनात करने का निर्णय लिया है।

थाना खोलने की सभी तैयारियां पूरी : एस.पी.
बिलासपुर की एस.पी. अंजुम आरा ने कहा कि लोअर निहाल में महिला थाना खोला जा रहा है। महिला थाना खोलने की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। वीरवार को थाने का शुभारंभ किया जाएगा। थाने में जिला में मौजूद महिला स्टाफ को ध्यान में रखते हुए स्टाफ की तैनाती की जाएगी।